देवप्रयाग में नींद की झपकी से अनियंत्रित हुई कार, पैराफिट ने बचाई पांच यात्रियों की जान
तीन लोग घायल!!
गहरी खाई में गिरने से बाल-बाल बचा वाहन,, पहाड़ों में वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की अपील!!
देवप्रयाग। पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय चालक की एक छोटी-सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। देवप्रयाग से करीब चार किलोमीटर आगे ऋषिकेश की ओर सैनिक होटल के समीप यू-टर्न पर नींद की झपकी आने से एक कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। गनीमत रही कि सड़क किनारे बने पैराफिट ने कार को गहरी खाई में गिरने से रोक लिया। इससे वाहन में सवार पांच यात्रियों की जान बच गई। हादसे में तीन लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, मारुति सुजुकी कार संख्या UK 17H 2886 दिल्ली से पहाड़ की ओर जा रही थी। सैनिक होटल से आगे यू-टर्न पर पहुंचते ही चालक को नींद की झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना के समय वाहन में पांच लोग सवार थे। हादसे में तीन यात्रियों को हल्की चोटें आईं। घायलों को निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में जतिन पुत्र मेहरदास, निवासी बेहट रोड, ग्राम सोमाली, सहारनपुर का नाम सामने आया है।
हादसे के बाद एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षित यातायात और वाहन चालकों की सतर्कता का मुद्दा सामने आया है। यदि दुर्घटनास्थल पर सड़क किनारे पैराफिट नहीं होता तो कार सीधे गहरी खाई में समा सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। पैराफिट की मजबूती ने पांच यात्रियों को संभावित बड़े हादसे से बचा लिया।
चालकों से सतर्कता बरतने की अपील
पहाड़ी मार्गों पर सफर के दौरान वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। नींद या थकान महसूस होने पर वाहन चलाना जारी रखने के बजाय सुरक्षित स्थान पर रोककर पर्याप्त आराम करना चाहिए। मोबाइल फोन का इस्तेमाल और नशे की हालत में वाहन चलाने से भी बचना चाहिए। याद रखें, वाहन चलाते समय आने वाली कुछ सेकंड की झपकी चालक के साथ वाहन में बैठे अन्य यात्रियों की जिंदगी भी खतरे में डाल सकती है। सुरक्षित सफर के लिए सतर्कता और संयम बेहद जरूरी है।