स्पर्श हॉस्पिटल के बाहर महिला से मंगलसूत्र झपटने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, मंगलसूत्र और बाइक बरामद
संतकबीरनगर पुलिस को झपटमारी के एक मामले में बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महिला से मंगलसूत्र छीनने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, 27 मई की रात स्पर्श हॉस्पिटल के बाहर टहल रही एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने मंगलसूत्र झपट लिया था और फरार हो गए थे। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रिंस चौधरी, विशेष अग्रहणी और अभिषेक राय को बरईपुरवा के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वे खर्च चलाने के लिए सुनसान स्थानों पर महिलाओं को निशाना बनाकर चेन और मंगलसूत्र छीनते थे।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी प्रिंस चौधरी के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है।