मुख्यमंत्री के प्रस्तावित आगमन को लेकर बाबा बैजूनाथ धाम में तैयारियां तेज, विधायक व वरिष्ठ अधिकारियों ने किया निरीक्षण
संत कबीर नगर।।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र धनघटा स्थित बाबा बैजूनाथ धाम में प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान, मंडलायुक्त बस्ती अखिलेश सिंह, पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, जिलाधिकारी आलोक कुमार तथा पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जनसभा स्थल, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, यातायात एवं रूट प्लान, हेलीपैड स्थल सहित अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था, वीआईपी सुरक्षा, आगंतुकों की सुविधाओं तथा यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया।इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक धनघटा दिलीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।