संतकबीरनगर पहुंचे कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, विपक्ष पर साधा निशाना
संतकबीरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर मंगलवार को संतकबीरनगर पहुंचे, जहां उन्होंने एक निजी होटल में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और बाद में मीडिया से रूबरू होते हुए विपक्ष, खासकर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला।
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि हाल ही में हुई दुखद घटना में बच्चों की मौत से पूरा प्रदेश और पूरा देश व्यथित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी पूर्व निर्धारित यात्रा बीच में छोड़कर घटनास्थल का दौरा किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एसआईटी का गठन किया है और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट तलब की है। दोषियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है और गिरफ्तारियां भी हो रही हैं।
इस दौरान मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष केवल बयानबाजी तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एयर कंडीशन कमरों में बैठकर सिर्फ सोशल मीडिया पर राजनीति करते हैं, लेकिन पीड़ित परिवारों के जख्मों पर मरहम लगाने की फुर्सत उनके पास नहीं है।
अनिल राजभर ने कहा कि वर्ष 2016 में संबंधित मामले में एलडीए द्वारा की गई कार्रवाई को समाजवादी पार्टी की सरकार ने ही निरस्त किया था, लेकिन आज वही लोग जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हर घटना पर राजनीति करने की आदी हो चुकी है और संवेदनशील मुद्दों पर भी राजनीतिक लाभ तलाशती है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जांच निष्पक्ष होगी और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।