सनातन हिन्दू एकता रथयात्रा की तैयारियों को लेकर बैठक
===
हटा में रात्रि विश्राम एवं राधिका पैलेस में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाओं पर हुई चर्चा
===
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री जी महाराज की सनातन हिन्दू एकता रथयात्रा के हटा होते हुए दमोह पहुंचने के मद्देनजर कलेक्टर श्री प्रताप नारायण यादव एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला प्रशासन तथा बागेश्वर धाम भक्त मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में 12 अक्टूबर को हटा में रात्रि विश्राम तथा 13 अक्टूबर को दमोह के राधिका पैलेस में प्रस्तावित कार्यक्रम एवं आशीर्वचन को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में भक्त मंडल की अपेक्षाओं एवं आवश्यकताओं को जाना गया तथा यातायात, पार्किंग, रूट डायवर्सन, बैरिकेडिंग, पेयजल, चिकित्सा, मंच, स्वच्छता एवं सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं के लिए विभागवार निर्देश दिए गए।
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं वाहनों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस एवं यातायात दल को शहर से आने वाले वाहनों, पार्किंग तथा कार्यक्रम स्थल के बीच सुगम आवागमन के लिए रूट एवं डायवर्सन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मंच व्यवस्था के संबंध में बागेश्वर धाम भक्त मंडल के प्रतिनिधियों से कहा गया लोक निर्माण विभाग से मंच की फिटनेस प्रमाणित कराई जाए। साउंड एवं विद्युत व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों से आवश्यक सुरक्षा प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए।
5 views | Damoh, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026