#भरतपुर। आगामी निकाय चुनाव के सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए बयाना कस्बे में पुलिस-प्रशासन ने गश्त और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधिकारियों की अगुवाई में कस्बे के विभिन्न मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च का आयोजन किया गया। पुलिस दल ने कस्बे के प्रमुख बाजारों, चौराहों और व्यस्ततम रास्तों से होकर मार्च निकाला तथा सुरक्षा मानकों का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय दुकानदारों और नागरिकों से संवाद कर कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा और चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार का विघ्न डालने या अशांति फैलाने का प्रयास करने वाले असमाजिक तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।