#भरतपुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से 33 वर्षों की समर्पित सेवा के बाद संबलपुर रेंज के डीआईजी पद से सेवानिवृत्त हुए दलीप सिंह अंबेश के अपने पैतृक गांव उच्चैन पहुंचने पर ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और पगड़ी पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया। समारोह में मयंक शर्मा ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके निष्ठावान और अनुशासित सेवाकाल की सराहना की। वर्ष 1993 में सीआरपीएफ अधिकारी के रूप में करियर शुरू करने वाले दलीप सिंह ने एनएसजी और संयुक्त राष्ट्र के कोसोवो मिशन में भी अपनी सेवाएं दीं। उत्कृष्ट एवं साहसिक कार्यों के लिए उन्हें 'पुलिस पदक फॉर गैलेंट्री' और 'पुलिस पदक फॉर मेरिटोरियस सर्विस' से सम्मानित किया जा चुका है। सीआरपीएफ महानिदेशक जी. पी. सिंह और वरिष्ठ अधिकारियों से विदाई लेने के बाद गांव पहुंचे डीआईजी अंबेश के स्वागत में पूरा गांव गर्व और खुशी के माहौल में डूब गया।