#भरतपुर। नदबई क्षेत्र के गांव न्यौंठा स्थित प्रसिद्ध श्री बाबू बाबा मंदिर पर 13 सितम्बर को वार्षिक मेले का आयोजन होगा, जिसकी तैयारियों को लेकर मेला कमेटी ने पोस्टर विमोचन कर श्री गणेश जी एवं बाबू बाबा को पहला निमंत्रण सौंपा। मेले के सफल संचालन के लिए मास्टर पुरुषोत्तम सिंह को अध्यक्ष, लखन पाठक को कोषाध्यक्ष और एडवोकेट रामकिसन गुर्जर को सचिव चुना गया है, जबकि महिला कमेटी की कमान प्रहलादी गुर्जर को सौंपी गई है। आयोजनों की श्रृंखला में 12 सितम्बर को शांतिकुंज हरिद्वार गायत्री परिवार द्वारा कलश यात्रा और शाम को महादीप यज्ञ किया जाएगा। मुख्य मेले के दिन 13 सितम्बर को सुबह ध्वजारोहण के साथ पूजा-अर्चना, 56 भोग, फूल बंगला झांकी, अन्नकूट प्रसादी और महाआरती के धार्मिक कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा मेले में रागनी गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ युवाओं के लिए लंबी कूद और गोला फेंक जैसी खेलकूद प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी, जिनमें विजेताओं को नकद राशि देकर पुरस्कृत किया जाएगा।