रामकृष्ण स्कूल मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, एसोसिएशन ने कहा—कानूनी प्रक्रिया पर पूरा भरोसा
जमुई। गांधी नगर स्थित रामकृष्ण स्कूल में हुई हालिया घटना को लेकर प्राइवेट स्कूल्स एण्ड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन, जमुई ने चिंता व्यक्त की है। एसोसिएशन ने विद्यालय के निदेशक पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं तथ्यपरक जांच की मांग जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन से की है।
एसोसिएशन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होने से वास्तविक तथ्यों का पता चल सकेगा और कानून के अनुरूप उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी। एसोसिएशन ने कहा कि उसे जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और न्यायपालिका पर पूर्ण विश्वास है।
एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि निष्पक्ष जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनका सम्मान किया जाएगा और कानूनसम्मत कार्रवाई का पूर्ण समर्थन किया जाएगा।
वहीं, एसोसिएशन ने विद्यालय परिसर में अनियंत्रित भीड़ के प्रवेश को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है। उसका कहना है कि ऐसी स्थिति में विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यालय परिसर में शांति एवं अनुशासन बनाए रखना आवश्यक है।
एसोसिएशन ने सभी पक्षों से शांति और संयम बनाए रखने तथा प्रशासनिक एवं न्यायिक प्रक्रिया पर विश्वास रखने की अपील की है।
Jamui, Jamui | Sep 16, 2026