6 पार्षदों द्वारा विकास योजनाओं की निविदा रद्द कराने के आवेदन पर बवाल, सहयोग शिविर में महापौर को घेर नागरिकों ने जताया विरोध...
बेतिया नगर निगम द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए जारी निविदा संख्या 14, 15 एवं 16 के तहत प्रस्तावित वार्ड 32 समेत शहर के नवअधिग्रहित क्षेत्रों और अन्य विकास योजनाओं को रद्द कराने के आवेदन को लेकर विवाद गहरा गया है। मंगलवार को वार्ड 32 में आयोजित सहयोग शिविर में पहुंचीं महापौर गरिमा देवी सिकारिया के समक्ष स्थानीय नागरिकों ने इसका जोरदार विरोध किया। सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन महापौर को सौंपकर वार्ड की जरूरी विकास योजनाओं को रद्द नहीं करने की मांग की गई। नागरिकों का कहना है कि निविदा संख्या 14, 15 एवं 16 में वार्ड 32 सहित नगर निगम के नवअधिग्रहित क्षेत्रों की कई महत्वपूर्ण विकास योजनाएं शामिल हैं। निविदा प्रकाशित होने के बाद सशक्त स्थायी समिति के सदस्य सहमत अली, कुणाल राज श्रॉफ, रूही सिंह, सविता देवी, ऋतुल प्रिया तथा पार्षद अनुराधा यादव द्वारा इन निविदाओं को रद्द करने के लिए आवेदन दिए जाने की बात कही गई है। नागरिकों ने इस मांग को जनहित के विरुद्ध बताते हुए आपत्ति जताई। आवेदन में कहा गया कि वार्ड 32 में जलजमाव की गंभीर समस्या के समाधान के लिए प्रस्तावित विकास योजना बेहद आवश्यक है। इसे रद्द करने का प्रयास क्षेत्र के विकास में बाधा उत्पन्न करेगा। नागरिकों ने आरोप लगाया कि विकास योजनाओं को रोकने के लिए पद और अधिकारों का दुरुपयोग किया जा रहा है। साथ ही आपसी गुटबाजी और पूर्व विवादों के कारण योजनाओं को प्रभावित करने का आरोप भी लगाया गया। नागरिकों ने चेतावनी दी कि यदि वार्ड 32 की आवश्यक योजना सहित अन्य स्वीकृत और प्रक्रियाधीन योजनाओं को रद्द किया गया तो नगर निगम कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। महापौर गरिमा देवी सिकारिया ने लोगों को आश्वासन दिया कि जनहित और नियमों के विरुद्ध योजनाओं को रद्द करने की कोई मांग स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अड़ंगेबाजी के बावजूद नवअधिग्रहित क्षेत्रों समेत पूरे नगर निगम क्षेत्र का क्रमवार और चतुर्दिक विकास कोई नहीं रोक सकता।
#champaran24news