बगहा पुलिस अधीक्षक ने गोद लिए विद्यालय में विद्यार्थियों से किया संवाद, खुद पढ़ाया पाठ...
पुलिस अधीक्षक बगहा राजेश कुमार द्वारा गोद लिए गए 10+2 सहकारी प्रोजेक्ट बालिका उच्च विद्यालय का मंगलवार को भ्रमण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने लगातार दूसरे दिन विद्यालय पहुंचकर छात्र-छात्राओं से संवाद किया और उनकी पढ़ाई, समस्याओं तथा भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। विद्यालय भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों के बीच शिक्षक की भूमिका निभाते हुए स्वयं कक्षा ली और बच्चों को पढ़ाया। उन्होंने विद्यार्थियों से पढ़ाई से संबंधित विभिन्न विषयों पर बातचीत की तथा उनके सवालों और जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान उन्होंने शिक्षा के महत्व, अनुशासन और जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने को लेकर बच्चों को आवश्यक मार्गदर्शन दिया। पुलिस अधीक्षक ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए नियमित अध्ययन और निरंतर मेहनत बेहद जरूरी है। उन्होंने बच्चों से कहा कि वे अपने समय का सदुपयोग करें और पढ़ाई के लिए प्रतिदिन एक निश्चित समय निर्धारित करें। लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए ईमानदारी और लगन के साथ लगातार प्रयास करने से सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन का महत्व समझाते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के व्यक्तित्व और भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। बच्चों को सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने के लिए भी प्रेरित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बच्चों की शिक्षा और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग करना समाज के प्रति हमारी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से भी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने और उन्हें निरंतर प्रोत्साहित करने की अपील की।
#champaran24news