वाराणसी में बारिश के बाद सर्विस लेन पर जलभराव, राहगीरों को परेशानी
वाराणसी। मोहनसराय-रोहनिया मुख्य मार्ग से जुड़ी सर्विस लेन पर शनिवार को बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव हो गया। सुबह करीब 11 बजे हुई बारिश के बाद सर्विस रोड के कई हिस्सों में पानी जमा हो गया, जिससे सड़क तालाब जैसी नजर आने लगी। जलभराव के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और आसपास के दुकानदारों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वही स्थानीय लोगों का कहना था कि सर्विस रोड के किनारे जलनिकासी के लिए नाला बनाया गया है, लेकिन कई स्थानों पर नाले की नियमित सफाई नहीं होने और निकासी व्यवस्था दुरुस्त न होने के कारण बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हो जाता है। बारिश रुकने के काफी देर बाद तक पानी सड़क पर जमा रहने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।
स्थानीय निवासी संजय ने बताया कि सर्विस रोड पर जलभराव की समस्या नई नहीं है। हर बारिश के दौरान सड़क पर पानी इकट्ठा हो जाता है। उन्होंने नाले की समुचित सफाई कराने और जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके।