भाजपा जिलाध्यक्ष की छवि धूमिल करने के आरोप में दो सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं पर जांच
वाराणसी। मिर्जामुराद पुलिस ने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर भाजपा जिलाध्यक्ष की छवि धूमिल करने के आरोप में फेसबुक और इंस्टाग्राम के दो उपयोगकर्ताओं के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो के लिंक और संबंधित उपयोगकर्ताओं की जानकारी जुटा रही है।
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के मेंहदीगंज गांव निवासी भाजपा जिलाध्यक्ष राम शकल पटेल ने गुरुवार रात करीब 10.30 बजे थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि फेसबुक पर 'मेराज भारती' और इंस्टाग्राम पर 'अर्चना वाईस 1' नाम के पेज से उनकी तथा पार्टी की छवि खराब करने की नीयत से बेबुनियाद वीडियो वायरल किए जा रहे हैं।
जिलाध्यक्ष ने पुलिस को बताया कि वायरल वीडियो में कही गई बातों से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर गलत तथ्यों को प्रसारित कर उनकी सामाजिक और राजनीतिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने बताया कि वीडियो अपलोड करने वाले दोनों सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो के लिंक, अकाउंट की जानकारी और अन्य आवश्यक विवरण जुटा रही है।
#LetestUpdate #letestअपडेट #LETESTNEWS #VaranasiUpdate 👇👇