मां गंगा की उतारी आरती, जलस्तर कम होने की लगाई गुहार
वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शनिवार को नमामि गंगे की ओर से सिंधिया घाट पर मां गंगा की आरती और दुग्धाभिषेक किया गया। इस दौरान गंगा के जलस्तर में कमी आने तथा तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का संकट टलने की प्रार्थना की गई।
नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में महर्षि वेद विज्ञान विश्व विद्यापीठम के वेदपाठी बटुकों और नागरिकों ने गंगाष्टकम का पाठ किया। स्वयंसेवकों ने द्वादश ज्योतिर्लिंग का पाठ कर देवाधिदेव महादेव से भी गंगा का जलस्तर कम होने की प्रार्थना की।
राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच रहा है। मां गंगा से प्रार्थना है कि जलस्तर अब और न बढ़े, जिससे बाढ़ का संकट टले और तटवर्ती क्षेत्रों के लोग सुरक्षित रहें। जनजीवन सामान्य रहे तथा किसी प्रकार की जन-धन की हानि न हो।
आयोजन में रिया श्रीवास्तव, सारिका श्रीवास्तव, आशुतोष मिश्रा, प्रियांशु शुक्ला सहित नमामि गंगे के सदस्य और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
#LETESTNEWS #letestअपडेट #LetestUpdate #VaranasiUpdate 👇👇