केदारनाथ पैदल मार्ग हादसा: चीरबासा में पहाड़ी से गिरे भारी बोल्डर की चपेट में आया घोड़ा-खच्चर संचालक, गंभीर घायल!!
केदारनाथ पैदल मार्ग पर हादसे से मचा हड़कंप, डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्रों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया!!
केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप रविवार को पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में बोल्डर गिरने से एक घोड़ा-खच्चर संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पहाड़ी से बोल्डर गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्रों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने घायल युवक को सुरक्षित रेस्क्यू कर पैदल मार्ग से गौरीकुंड अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है।
घायल की पहचान आसू (19 वर्ष), पुत्र चौहान सिंह, निवासी ग्राम सिलकोट, गैरसैंण के रूप में हुई है। बताया गया कि वह घोड़ा-खच्चर संचालन का कार्य करता है। पहाड़ी से अचानक गिरे भारी बोल्डरों की चपेट में आने से उसे गंभीर चोटें आई हैं।
केदारनाथ पैदल मार्ग पर लगातार पहाड़ी से पत्थर और बोल्डर गिरने की घटनाओं को देखते हुए यात्रियों एवं घोड़ा-खच्चर संचालकों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।
Rudraprayag, Rudraprayag | Sep 13, 2026