चित्रगुप्त पूजा को लेकर चित्रांश परिवार की बैठक, आयोजन की सफलता के लिए गठित हुईं अलग-अलग समितियां
लखीसराय। भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज के पूजनोत्सव को भव्य एवं यादगार बनाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में चित्रांश परिवार, लखीसराय की एक महत्वपूर्ण बैठक डॉ. प्रवीण कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले के चित्रांश परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और 11 नवंबर को होने वाले चित्रगुप्त पूजा समारोह की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में आयोजन को सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया। साथ ही पूजा स्थल की साज-सज्जा, भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की प्रतिमा स्थापना, पूजा-अर्चना, प्रसाद वितरण एवं सहभोज की व्यवस्था को लेकर सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। सभी कार्यों को आपसी समन्वय एवं सहयोग से समय पर पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक की खास बात यह रही कि उपस्थित चित्रांश बंधुओं ने स्वेच्छा से आगे बढ़कर आयोजन की जिम्मेदारी स्वीकार की। सदस्यों ने एकजुटता का परिचय देते हुए पूजनोत्सव को भव्य और यादगार बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में रोशन कुमार सिन्हा, अमित कुमार सिन्हा, सतीश कुमार सिन्हा, रविश अम्बष्टा, राकेश कुमार सिन्हा, मनीष कुमार सिन्हा, गौतम गिरियगे, संजय कुमार सिन्हा, संजीव कुमार सहाय एवं धर्मेंद्र कुमार सिन्हा सहित कई चित्रांश सदस्य उपस्थित रहे।
चित्रांश परिवार के सदस्यों ने कहा कि भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज का पूजनोत्सव धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव एवं भाईचारे को मजबूत करने का भी अवसर है। सभी सहयोगकर्ताओं एवं शुभचिंतकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिले के समस्त चित्रांश बंधुओं से आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई।
दो दिवसीय होगा पूजनोत्सव: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 नवंबर को भगवान श्री चित्रगुप्त जी महाराज की पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा, जबकि 12 नवंबर को भव्य शोभायात्रा निकालने के बाद प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
Lakhisarai, Lakhisarai | Nov 10, 2026