छठ पर्व को लेकर प्रशासन अलर्ट, दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को सख्त निर्देश
डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा- श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, घाटों पर गोताखोर, नाव, बैरिकेडिंग और रोशनी की होगी पुख्ता व्यवस्था
लखीसराय। लोक आस्था के महापर्व छठ को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। मंगलवार को टाउन हॉल में जिला पदाधिकारी शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें अधिकारियों को अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थलों पर पूरी मुस्तैदी और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया गया।
ब्रीफिंग के दौरान डीएम शैलेंद्र कुमार ने कहा कि छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेने और निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पर उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
डीएम ने घाटों पर पर्याप्त संख्या में गोताखोरों की तैनाती, हाई मास्ट लाइट, बैरिकेडिंग, नाव एवं एसडीआरएफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही गहरे पानी वाले स्थानों को चिह्नित कर विशेष सतर्कता बरतने तथा नावों पर पर्याप्त लाइफ जैकेट उपलब्ध रखने और उनका अनिवार्य उपयोग सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। घाटों पर साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधा, शुद्ध पेयजल, चेंजिंग रूम एवं शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि छठ पूजा समितियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर काम करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था एवं जाम की समस्या से निपटने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश भी दिया गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने सभी पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को निर्धारित समय पर अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के दौरान विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की कोताही नहीं होनी चाहिए। सभी पुलिसकर्मी आपसी समन्वय के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देंगे।
इस मौके पर अपर समाहर्ता नीरज कुमार, उप विकास आयुक्त सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी प्रभाकर कुमार, एसडीपीओ शिवम कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रवि कुमार, प्रभारी पदाधिकारी आपदा अखिलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों को पूरी जिम्मेदारी एवं सतर्कता के साथ कार्य करते हुए छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने का निर्देश दिया।