विश्व विज्ञान दिवस पर पर्यावरण भारती ने लगाए बरगद के दो पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
विज्ञान का उपयोग युद्ध नहीं, शांति और मानव कल्याण के लिए हो : राम बिलास शाण्डिल्य
लखीसराय। विश्व विज्ञान दिवस (शांति एवं विकास के लिए) के अवसर पर पर्यावरण भारती की ओर से देव वृक्ष बरगद के दो पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। पौधारोपण कार्यक्रम का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी शंकर शर्मा ने किया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यावरण भारती के संस्थापक, पर्यावरण संरक्षण गतिविधि के प्रांत संयोजक एवं अखिल भारतीय पेड़ उपक्रम टोली के सदस्य राम बिलास शाण्डिल्य ने कहा कि आज पूरी दुनिया ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। विज्ञान ने जहां विकास की नई ऊंचाइयों को छुआ है, वहीं इसका उपयोग युद्ध और विध्वंस के बजाय शांति एवं मानव कल्याण के लिए होना चाहिए। रूस-यूक्रेन युद्ध का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि युद्ध से किसी भी देश और समाज का भला नहीं होता, बल्कि पूरी मानवता को नुकसान उठाना पड़ता है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति से अपने घर के आसपास कम से कम 10 पेड़ लगाने की अपील की। कहा कि पराली जलाने, जंगलों की अंधाधुंध कटाई और तेजी से बढ़ते कंक्रीट के निर्माण के कारण पर्यावरण का संतुलन बिगड़ रहा है। जंगलों के घटने से वन्य जीव अब गांवों और शहरी क्षेत्रों की ओर आने लगे हैं, जिससे मानव और वन्य जीवों के बीच संघर्ष की आशंका बढ़ रही है।
श्री शाण्डिल्य ने कहा कि हरे-भरे पेड़-पौधे कार्बन डाइऑक्साइड जैसी हानिकारक गैसों को अवशोषित कर ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। वृक्ष जल संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और प्रदूषण जैसी समस्याओं से निपटने के लिए जल, जंगल, जमीन और वायु सहित सभी प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से पौधारोपण के साथ-साथ हरे-भरे पेड़ों की कटाई रोकने का भी संकल्प लेने की अपील की।
इस अवसर पर पर्यावरणविद् एवं शिक्षक सिद्धार्थ कुमार ने कहा कि 10 नवंबर को पहली बार यूनेस्को द्वारा विश्व विज्ञान दिवस (शांति एवं विकास के लिए) मनाया गया था। इसका मुख्य उद्देश्य आम लोगों तक विज्ञान के महत्व और उपयोगिता को पहुंचाना, वैज्ञानिक सोच विकसित करना, अंधविश्वास को दूर करना तथा युवाओं में वैज्ञानिक अनुसंधान के प्रति रुचि बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि विज्ञान का इस्तेमाल दुनिया में विकास, शांति और मानव कल्याण के लिए होना चाहिए, न कि युद्ध और विनाश के लिए। आज दुनिया को युद्ध नहीं, बुद्ध की आवश्यकता है। विज्ञान का ज्ञान, प्रकृति का सम्मान और वृक्षों का संरक्षण ही मानव जीवन के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य का आधार है।
कार्यक्रम में संजीत कुमार यादव, शंकर साह, सिद्धार्थ कुमार, उत्कर्ष कुमार, शंकर शर्मा, मानेश्वर शर्मा, राम बिलास शाण्डिल्य, कुणाल शर्मा, मनखुश ठाकुर, मयंक, हिमांशु, सूर्यवंशी एवं कुशल सहित अन्य लोगों ने भाग लिया।