छठ पर रेल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, रेलवे स्टेशनों पर तैनात होंगे ट्रैकमैन और आरपीएफ जवान
डीएम शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में रेलवे एवं संबंधित विभागों की संयुक्त बैठक, किऊल और लखीसराय स्टेशन पर एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन और ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ की होगी व्यवस्था
लखीसराय। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की तैयारी तेज कर दी है। रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में रेलवे एवं विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में रेलवे क्रॉसिंग, रेलवे पुल, स्टेशन परिसर, भीड़ नियंत्रण, अग्निशमन, एंबुलेंस एवं यात्रियों की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि 15 नवंबर की संध्या और 16 नवंबर की सुबह संवेदनशील स्थलों से गुजरने वाली ट्रेनें लंबी सीटी बजाएंगी। साथ ही ट्रेनों का परिचालन निर्धारित व्यवस्था के तहत किया जाएगा, ताकि रेलवे ट्रैक के आसपास मौजूद लोग सतर्क हो सकें।
बड़हिया में तीन ऐसे क्रॉसिंग प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं, जहां छठ घाट जाने के लिए श्रद्धालुओं द्वारा रेलवे ट्रैक पार किया जाता है। इसके अलावा डुमरी, गंगासराय, मनकट्ठा, उरेन, मसूदन, अभयपुर, बड़ी पोखर जाने वाले रास्ते, गोपालपुर, बसुआचक, मननपुर एवं कुंदर सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर ट्रैकमैन और आरपीएफ जवानों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। डीएम ने रेलवे अधिकारियों को प्रतिनियुक्त कर्मियों की सूची एवं ड्यूटी चार्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
बैठक में रेल पुलिस उपाधीक्षक, किऊल एजाज मनी अहमद ने बताया कि किऊल ओवरब्रिज पर काफी संख्या में लोगों की आवाजाही होती है। इसके बावजूद कुछ लोग रेलवे ट्रैक से होकर गुजरते हैं, जो दुर्घटना की आशंका को बढ़ाता है। इस पर डीएम ने आवश्यकतानुसार पुलिस बल की तैनाती करने तथा किऊल एवं लखीसराय स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की प्रतिनियुक्ति का चार्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
13 नवंबर से स्टेशनों पर रहेगी विशेष व्यवस्था
श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए 13 नवंबर से ही किऊल और लखीसराय रेलवे स्टेशन पर एंबुलेंस एवं अग्निशमन वाहन की तैनाती की जाएगी। दोनों स्टेशनों पर यात्रियों की सहायता और भीड़ प्रबंधन के लिए ‘मे आई हेल्प यू’ बूथ भी स्थापित किए जाएंगे। वहीं नगर परिषद को दोनों स्टेशनों पर आकर्षक तोरण द्वार बनाने और छठ गीतों के प्रसारण की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा रेलवे फाटकों की निगरानी, डॉग स्क्वॉड से स्टेशन परिसर की जांच, लखीसराय स्टेशन के समीप हाइट गेज लगाने, सड़क की मरम्मत तथा पाली एवं डुमरी में लाइट आरओबी निर्माण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई।
डीएम शैलेन्द्र कुमार ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया। जिला प्रशासन का स्पष्ट उद्देश्य छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित रखना और रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना है।