श्रवण कुमार बनकर वृद्ध माता-पिता की सेवा कर रही सरकार - राज्यमंत्री श्री लोधी
==
कामाख्या दर्शन से पूर्ण होंगी तीर्थ यात्रियों की मनोकामनाएं- सांसद श्री लोधी
==
मॉ कामाख्या देवी देश पर बरसाएं आनंद, प्राकृतिक आपदाओ से करें रक्षा - पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. कुसमरिया
==
तीर्थ दर्शन योजना से बुजुर्ग श्रद्धालुओं के सपनों को मिल रही नई उड़ान- कलेक्टर श्री यादव
==
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई स्पेशल ट्रेन,
==
460 यात्री कर रहे धार्मिक यात्रा
==
कामाख्या यात्रा को लेकर यात्रियों में दिखा उत्साह,
==
सुख-सुविधाओं का रखा गया ध्यान, यात्रियों ने जताई खुशी
==
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंर्तगत कामाख्या माता के दर्शन के लिए जिले से स्पेशल ट्रेन रवाना की गई। यात्रा के लिए कुल 479 यात्रियों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 460 यात्री कामाख्या धाम की धार्मिक यात्रा पर रवाना हुए। ट्रेन के रवाना होने के अवसर पर यात्रियों में उत्साह देखने को मिला।
दमोह से मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत कामाख्या देवी की तीर्थयात्रा पर जाने वाली विशेष ट्रेन को प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद दमोह राहुल सिंह लोधी, पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया एवं कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के लिए ट्रेन में अनुरक्षक दल, चिकित्सकीय दल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
यात्रियों की सुख-सुविधाओं का पूरा ध्यान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा रखा जा रहा है। सरकार श्रवण कुमार की भावना के साथ वृद्ध माता-पिता की सेवा और तीर्थयात्रा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है, इस आशय की विचार प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कामाख्या माता दर्शन के लिए जिले से स्पेशल ट्रेन के रवाना होने के दौरान व्यक्त किए।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कामाख्या धाम काफी दूर होने के कारण अनेक लोग इच्छा होने के बावजूद वहां दर्शन के लिए नहीं जा पाते। ऐसे में दमोह से सीधे स्पेशल ट्रेन का संचालन यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। यात्रियों को कामाख्या माता के दर्शन का अवसर मिलेगा और वे सुख-समृद्धि की कामना कर सकेंगे। उन्होने यात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए कामाख्या माता से सभी के सुखी, निरोगी एवं मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश के वृद्धजनों को तीर्थ दर्शन कराने की दिशा में मध्यप्रदेश सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में दमोह से 460 तीर्थ यात्रियों को माता कामाख्या के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन से रवाना किया गया।
उन्होने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी को धन्यवाद देते हुए कहा सरकार वृद्धजनों के लिए श्रवण कुमार की भूमिका निभा रही है, चारों धाम के दर्शन के बाद माता कामाख्या के दर्शन का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।
मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि कामाख्या देवी से प्रार्थना है कि वे पूरे देश पर आनंद और सुख-समृद्धि की वर्षा करें तथा देशवासियों को प्राकृतिक आपदाओं से सुरक्षित रखें। साथ ही लोगों को ईश्वर भक्ति और सद्भावना से ओत-प्रोत कर भारत की गरिमा को और बढ़ाने का आशीर्वाद प्रदान करें।
उन्होंने कहा यह आयोजन पहले से ही शुरू था और इसे लेकर लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं। अब यह आयोजन और अधिक व्यापक रूप लेता जा रहा है। उन्होंने कामना की कि आने वाले समय में भी यह पहल निरंतर आगे बढ़े और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिले।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा यह यात्रा श्रद्धालुओं के उन सपनों की यात्रा है, जिन्हें उन्होंने वर्षों से अपने मन में संजोकर रखा था। इन श्रद्धालुओं ने अपना पूरा जीवन परिवार, समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया है। पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के बाद व्यक्ति के जीवन में आध्यात्मिक उन्नति का भी विशेष महत्व होता है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से मध्यप्रदेश शासन द्वारा श्रद्धालुओं की इस आध्यात्मिक आकांक्षा को पूरा करने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होने कहा श्रद्धालुओं के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी और प्रसन्नता को लेकर जिला प्रशासन ने प्रसन्नता व्यक्त की। शासन-प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं से श्रद्धालु संतुष्ट एवं उत्साहित नजर आए। यात्रा पर रवाना होते समय श्रद्धालुओं ने शासन-प्रशासन के सहयोग से तीर्थ दर्शन का अवसर मिलने पर खुशी जाहिर की।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा जिला प्रशासन की ओर से सभी श्रद्धालुओं को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही बाबा जागेश्वरनाथ से उनकी यात्रा के सफल एवं निर्विघ्न होने की प्रार्थना की गई। श्रद्धालु तीर्थ यात्रा पूर्ण कर 12 सितंबर को वापस लौटेंगे, जहां जिला प्रशासन द्वारा उनका पुनः स्वागत किया जाएगा।
1 views | Damoh, Madhya Pradesh | Sep 7, 2026