मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान
==
पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ सहजता, सम्मान और समय पर मिले, यही प्रशासन का लक्ष्य- कलेक्टर श्री यादव
==
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत पथरिया क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में कलेक्टर ने किया निरीक्षण, जनसंवाद और उद्यम संवाद के माध्यम से जानी समस्याएं
==
कलेक्टर आज नरसिंहगढ़ क्षेत्र के ग्राम इमली जोग, बड़ागांव और सीता नगर पहुंचे
====
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लेने के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के अधिकारियों द्वारा विकासखंड पथरिया के विभिन्न ग्राम पंचायतों में भ्रमण, निरीक्षण, जनसंवाद एवं उद्यम संवाद सहित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों तथा अन्य शासकीय संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया गया।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि बच्चों, वृद्धजनों, महिलाओं एवं आम नागरिकों के लिए शासन द्वारा संचालित योजनाओं और सुविधाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और उसे सहजता, सम्मान तथा निर्धारित समय पर लाभ प्राप्त हो, यह सुनिश्चित करने के लिए लगातार भ्रमण एवं निरीक्षण किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत जिले के अधिकारियों ने लगभग 19 ग्राम पंचायतों में पहुंचकर विभिन्न शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर वास्तविक स्थिति के अनुरूप ऑनलाइन रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती है। इससे संबंधित क्षेत्रों में मौजूद कमियों की पहचान करने, आवश्यक विकास कार्य निर्धारित करने तथा शासन की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलती है।
मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और मात्रा पर विशेष ध्यान
निरीक्षण के दौरान माध्यमिक शाला बड़ागांव में मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का जायजा लिया गया। कलेक्टर ने कहा कि विद्यालय में बच्चों के लिए घर जैसा भोजन, रोटी, दाल और सब्जी तैयार की जा रही थी। भोजन की गुणवत्ता और निर्धारित मेनू के अनुरूप व्यवस्था संतोषजनक पाई गई, हालांकि कहीं-कहीं भोजन की मात्रा कम दिखाई देने पर संबंधितों को पर्याप्त मात्रा में भोजन तैयार करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा बच्चों को शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों के अनुसार भरपेट भोजन मिलना चाहिए, ताकि वे रुचि के साथ भोजन करें, स्वस्थ रहें और मन लगाकर पढ़ाई कर सकें। भोजन की मात्रा और गुणवत्ता दोनों पर ध्यान देना आवश्यक है।
आंगनवाड़ी में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए अभिभावकों को करेंगे जागरूक
कलेक्टर ने कहा निरीक्षण के दौरान एक आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति कम पाई गई। केंद्र में लगभग 40 बच्चे दर्ज थे, जबकि निरीक्षण के समय केवल 10 से 12 बच्चे उपस्थित मिले। इस स्थिति को देखते हुए बच्चों के अभिभावकों को आंगनवाड़ी की उपयोगिता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों को सीखने, समझने और अपने ज्ञान को बढ़ाने का अवसर मिलता है। नियमित उपस्थिति से बच्चों के सर्वांगीण विकास और उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत होती है। अभिभावकों को इस दिशा में प्रेरित किया जाएगा, ताकि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से आंगनवाड़ी भेजें।
स्वास्थ्य केंद्र में सभी चार कर्मचारी मिले उपस्थित
श्री यादव ने कहा निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्र में सभी चार कर्मचारी उपस्थित पाए गए। विद्यालय में भी समस्त स्टाफ उपस्थित था तथा मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार तैयार किया जा रहा था। उन्होंने कहा आमजन के सहयोग और प्रशासन की निरंतर मॉनिटरिंग से शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं में सुधार हो रहा है। पूर्व में सामने आई कमियों को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा प्रशासन का उद्देश्य केवल निरीक्षण करना नहीं, बल्कि व्यवस्थाओं में सकारात्मक परिवर्तन लाना भी है। प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन जिम्मेदारी से करे, ताकि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ आम नागरिकों को मिल सके।
जनसंवाद के माध्यम से जानी आमजन की समस्याएं
कलेक्टर श्री यादव ने कहा भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से सीधे चर्चा कर यह जानकारी ली जा रही है कि उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है या नहीं, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं है और क्षेत्र के विकास के लिए किन कार्यों की आवश्यकता है। प्राप्त सुझावों और समस्याओं के आधार पर आवश्यक सुधार करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा जनसंवाद का उद्देश्य लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझना तथा योजनाओं के क्रियान्वयन को अधिक प्रभावी बनाना है। शासन और प्रशासन लगातार प्रयासरत हैं कि प्रत्येक पात्र हितग्राही तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
नशे से दूर रहें, बच्चों की शिक्षा को दें प्राथमिकता
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आमजन से अपील की कि सभी लोग आपसी सहयोग और सद्भाव के साथ रहें तथा नशे से दूरी बनाए रखें। उन्होंने कहा नशे की लत व्यक्ति के साथ-साथ उसके पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ियों को भी प्रभावित करती है। नशे पर खर्च होने वाली राशि यदि बच्चों की पढ़ाई-लिखाई और बेहतर भविष्य के निर्माण पर खर्च की जाए, तो बच्चे शिक्षित होकर परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें तथा शासन की योजनाओं की जानकारी से वंचित लोगों, विशेषकर बुजुर्गों और जरूरतमंद हितग्राहियों की सहायता करें। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करें, ताकि शासन की जनकल्याणकारी मंशा धरातल पर साकार हो सके।
कलेक्टर ने मीडिया से भी अपील की कि समाचार पत्रों एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी संदेशों को जन-जन तक पहुंचाएं, जिससे नागरिक जागरूक हों और अपने दायित्वों का स्वप्रेरणा से निर्वहन करते हुए विकास कार्यों में सहभागी बनें।
4 views | Damoh, Madhya Pradesh | Oct 23, 2026