जिले में अवैध क्लिनिक, पैथोलॉजी का जांच कर उसकी रिपोर्ट दी जाए- कलेक्टर श्री यादव
==
स्वामित्व योजना के तहत सभी एसडीएम पटवारी की नियमित बैठक लेकर कार्य में प्रगति लाना सुनिश्चित करें
==
समय-सीमा बैठक में दिए गए अहम् दिशा निर्देश
===
जिले की प्रत्येक दवा दुकानों के कफ सिरप का गहन निरीक्षण किया जाये। इस कार्य को गंभीरता से और सर्वोच्च प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए। जिले में अवैध क्लिनिक, पैथोलॉजी का जांच कर उसकी रिपोर्ट दी जाए। इस आशय के निर्देश कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने समय सीमा बैठक के दौरान दिए। उन्होने कहा निरीक्षण के लिए एक चेकलिस्ट तैयार कर सभी एसडीएम को मुहैया करा दी जाए और निर्देशानुसार कार्रवाई समय सीमा में पूरी कर ली जाए।
उन्होने दमोह से हटा निर्माणधीन सड़क के संबंध में जानकारी लेते हुए विभागीय अधिकारी से कहा है कि दूसरे एण्ड पर भी कार्रवाई तत्परता से कराई जाए ताकि आम जनों को आवागमन सुगम हो सके। एमपीआरडीसी के उपस्थित अधिकारी ने बताया कि हटा से लक्ष्मण कुटी तक वन साइड सड़क का काम पूरा हो गया है, उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी से कहा जिले में सघन बस चेकिंग अभियान चलाया जाये।
श्री यादव ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कहा है कि प्रकरणों का तत्परता से एवं समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्वामित्व योजना के तहत की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व से कहा इस कार्य में तेजी से प्रगति लाई जाए। सभी एसडीएम पटवारी की नियमित बैठक लेकर प्रगति लाना सुनिश्चित की जायें।
कलेक्टर श्री यादव ने कृषि विभाग के अधिकारियो से कहा किसानो को समय पर और सुगमता से उवर्रक मिले। जिले में उर्वरक प्राप्त होने वाला है, उसकी सही प्लानिंग कर ली जाये, ताकि सभी केंद्रो पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध रहे।