*गोपाल लाल माली पर हुए जानलेवा हमले के मामले में जिला यूनेस्को एसोसिएशन ने सौंपा जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन, परिवार पर दर्ज झूठा मुकदमा हटाने की की मांग*
भीलवाड़ा :राजकुमार गोयल,6 जुलाई
जिला यूनेस्को एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने जिला पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर समाजसेवी एवं स्टेट फेडरेशन ऑफ यूनेस्को एसोसिशन इन राजस्थान के प्रदेश संयोजक गोपाल लाल माली पर हुए कथित हमले के मामले में निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग के साथ ही गोपाल माली के परिवारजनों पर दर्ज झूठा मुकदमा हटाने की मांग की।
पूर्व सभापति मधु जाजू ने कहा कि गोपाल लाल माली वर्षों से सामाजिक सरोकारों और जनहित के मुद्दों को उठाते रहे हैं। ऐसे व्यक्ति पर हमला होना केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं, बल्कि कमजोर व पिछड़े समाज की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई बल्कि उल्टा पीड़ित पक्ष के परिवारजनों पर ही झूठा मुकदमा दर्ज करवाना, जिससे आमजन में न्याय व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
जिला यूनेस्को एसोसिएशन के सचिव जगदीश चन्द्र मून्दड़ा ने कहा कि मामले में किसी भी प्रकार के दबाव, प्रभाव या पक्षपात से ऊपर उठकर निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। यदि पीड़ित पक्ष की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है तो पुलिस निष्पक्ष जांच कर वास्तविक तथ्य सामने लाए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करे। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र एवं पारदर्शी जांच कर मामले का निष्पक्ष निस्तारण करने की मांग की।
इस अवसर पर जिला यूनेस्को एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष चेतन मानसिंहका, गोवर्धन वैष्णव, शंकर लाल गोयल, गिरिराज काबरा, राजेश जीनगर, ओम उज्ज्वल, तोताराम सांखला, नानूराम गोयल, कालू माली, नारायण लाल, सम्पत सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
Bhilwara, Bhilwara | Jul 6, 2026