निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी की किल्लत का मामला
जनसुनवाई में युवाओं ने सौंपा ज्ञापन, तत्काल वैकल्पिक जल व्यवस्था की मांग
निवास। निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्याप्त पानी की गंभीर समस्या को लेकर निवास सिविल अस्पताल संघर्ष समिति के नेतृत्व में युवाओं ने मंगलवार को जनसुनवाई अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समस्या के निराकरण की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में इन दिनों पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। पानी उपलब्ध नहीं होने के कारण दूर-दराज से उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को पीने के पानी तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है। वहीं पानी के अभाव में अस्पताल की साफ-सफाई और शौचालयों की व्यवस्था भी प्रभावित होने की बात ज्ञापन में कही गई है।
जब हमने युवाओं से इस गंभीर विषय में बात की तो उन्होंने बताया कि पानी की कमी के चलते अस्पताल परिसर में स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे गंदगी बढ़ने और संक्रमण का खतरा बना हुआ है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि अस्पताल के बोर में पानी नहीं होने के बावजूद प्रशासन की ओर से टैंकर अथवा अन्य माध्यम से वैकल्पिक जल आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं की जा रही है।
ज्ञापन के अनुसार, इस समस्या को लेकर स्थानीय नागरिकों एवं एडवोकेट गगन रजक के नेतृत्व में पूर्व में एसडीएम एवं बीएमओ को भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है, लेकिन युवाओं का कहना है कि गंभीर समस्या के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई या स्थायी सुधार नहीं हुआ है।
युवाओं ने जनसुनवाई अधिकारी से मांग की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तत्काल पानी की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही जब तक स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक पानी के टैंकर अथवा टंकियों के माध्यम से वैकल्पिक जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल के कर्मचारियों को राहत मिल सके।
इनका कहना
(1) "निवास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पानी की जो गंभीर समस्या बनी हुई है, वह बहुत ही दुखदाई है। अस्पताल जैसी जगह पर पानी की किल्लत होना बेहद चिंताजनक है, जहाँ मरीजों, उनके परिजनों और कर्मचारियों को पीने के पानी तक के लिए परेशान होना पड़ रहा है। पानी के अभाव में सफाई और शौचालय व्यवस्था प्रभावित हो रही है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। प्रशासन को इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल वैकल्पिक जल आपूर्ति सुनिश्चित करनी चाहिए, ताकि मरीजों और अस्पताल स्टाफ को राहत मिल सके।"
- समाजसेवी राहुल शिवहरे
(2) "यह अत्यंत खुशी की बात है कि मीडिया ऐसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दों को प्रमुखता से सामने ला रही है, जिससे जनता की आवाज़ बुलंद हो रही है। परंतु, यह बहुत ही दुख का विषय है कि लगातार खबरें आने और स्थिति स्पष्ट होने के बाद भी, अस्पताल अभी तक बेहतर व्यवस्था के लिए जूझ रहा है और प्रशासन गहरी नींद में है।"" इस गंभीर समस्या की ओर प्रशासन को तत्काल ध्यान आकर्षित करना चाहिए और हमारे जनप्रतिनिधियों को भी।
- समाजसेवी अनिल झारिया
#निवास_सामुदायिक_स्वास्थ्य_केंद्र
#पानी_की_किल्लत
#जनसुनवाई
#सिविल_अस्पताल_संघर्ष_समिति
#जल_संकट
#ज्ञापन_सौंपा
#एसडीएम_से_मांग
#बीएमओ_ध्यान_दें
#प्रशासन_जवाब_दे
#ठोस_कार्रवाई_करें
Niwas, Mandla | Sep 29, 2026