वन स्टॉप सेंटर द्वारा महिलाओं को दी गई पोषण एवं महिला सुरक्षा संबंधी जानकारी
वन स्टॉप सेंटर (सखी), नीमच द्वारा महिला एवं बाल सुरक्षा तथा स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ग्राम सेमली चंद्रावत स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-1 में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती दीपिका नामदेव ने उपस्थित महिलाओं को बच्चों के नियमित टीकाकरण, पर्याप्त प्रोटीन के महत्व, मातृ पोषण तथा बच्चों के प्रारंभिक विकास के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को संतुलित पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों के बारे में भी बताया।
कार्यक्रम में काउंसलर सुश्री नुशरत खान ने वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से महिलाओं को उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और पुलिस हेल्पलाइन 112 के बारे में बताते हुए जरूरत पड़ने पर इनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बाल विवाह के दुष्परिणामों और इसकी रोकथाम के संबंध में भी जागरूक किया।
इसी क्रम में मोड़ी माताजी मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को भी वन स्टॉप सेंटर तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की जानकारी दी गई। इस दौरान जागरूकता संबंधी पेम्पलेट वितरित कर महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती दीपिका नामदेव, सेंटर एडमिनिस्ट्रेटर श्रीमती चंदा साल्वी, काउंसलर सुश्री नुशरत खान, केस वर्कर सुश्री पूजा मिश्रा, बहुउद्देशीय कार्यकर्ता श्रीमती चंदा नागर, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती पुष्पा गुर्जर, सहायिका, बालिकाएं एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।
CM Madhya Pradesh Jansampark Madhya Pradesh Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh
#नीमच #neemuch
2 views | Neemuch, Madhya Pradesh | Oct 13, 2026