समाहरणालय पूर्णिया,
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
प्रेस विज्ञप्ति 1656,
दिनांक: 13/10/2026
==================
पूजा घर में जमीन के नीचे बने तहखाने से 3.580 किलोग्राम गांजा बरामद, एक व्यक्ति गिरफ्तार:-
जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार भा०प्र०से० के निर्देश पर मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग तथा बरहरा कोठी थाना की संयुक्त कार्रवाई।
गांजा की आपूर्ति एवं कारोबार में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी हो रही जांच:---
जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के आलोक में जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी,भंडारण एवं कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहें अभियान के तहत मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, पूर्णिया द्वारा गुप्त सूचना के आधार पर धमदाहा अनुमंडल अंतर्गत बरहरा कोठी थाना क्षेत्र के ग्राम बासुदेवपुर, पंचायत बंशी तेलिया, वार्ड संख्या-02 में छापेमारी की गई।
मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग एवं बरहरा कोठी थाना की संयुक्त कार्रवाई के दौरान कुल 3.580 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया तथा एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
गुप्त सूचना के सत्यापन के उपरांत की गई छापेमारी के दौरान आरोपी के पूजा घर में जमीन के नीचे तहखानानुमा गुप्त स्थान बनाया हुआ पाया गया।
उक्त गुप्त स्थान में एक बैग को रस्सी के सहारे नीचे लटकाकर रखा गया था तथा ऊपर से ढक दिया गया था, ताकि उसकी जानकारी सामान्य रूप से किसी को नहीं हो सके। तलाशी के क्रम में उक्त बैग से गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 3.580 किलोग्राम पाया गया।
इस मामले में राजेश साह, उम्र लगभग 45 वर्ष, निवासी ग्राम बासुदेवपुर, पंचायत बंशी तेलिया, वार्ड संख्या-02, थाना बरहरा कोठी, जिला पूर्णिया को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रेतर कानूनी कार्रवाई हेतु बरहरा कोठी थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। इस संबंध में बरहरा कोठी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ कर गांजा की आपूर्ति करने वाले व्यक्तियों तथा इस अवैध कारोबार में सहयोग करने वाले अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच के दौरान जिन व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके विरुद्ध भी नियमानुसार अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग, पूर्णिया द्वारा मादक पदार्थों की अवैध तस्करी, भंडारण एवं कारोबार के विरुद्ध सघन अभियान जारी है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कानून के प्रावधानों के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जाएगी।
#cmsamrat
#samratchoudhary
#narendramodi
Purnia, Bihar | Oct 13, 2026