कम वर्षा की स्थिति में रबी फसलों के लिए कृषकों को दी तकनीकी जानकारी
________________
300 से अधिक किसानों ने कपास उत्पादन प्रशिक्षण में लिया भाग
________________
वैज्ञानिक खेती एवं उन्नत तकनीकों को अपनाने के लिए किया प्रेरित
________________
खरगोन 08 अक्टूबर 2026। जिले में कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए रबी वर्ष 2026-27 के लिए कृषकों को उपयुक्त फसल एवं किस्मों के चयन तथा वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी देने के उद्देश्य से कार्ययोजना सह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि महाविद्यालय खण्डवा के अधिष्ठाता डॉ. तोमर, कृषि विज्ञान केन्द्र खरगोन के वैज्ञानिक, मैदानी अमला एवं जिले के कृषकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण में कम वर्षा की परिस्थितियों में रबी मौसम के लिए कम अवधि में पकने वाली फसलों एवं उपयुक्त किस्मों के चयन, जल संरक्षण, उपलब्ध सिंचाई जल के दक्ष उपयोग तथा वैज्ञानिक फसल प्रबंधन की तकनीकों की विस्तार से जानकारी दी गई। कृषकों को बदलती मौसम परिस्थितियों के अनुरूप फसल योजना तैयार करने के लिए भी मार्गदर्शन दिया गया।
विश्व कपास दिवस पर 300 से अधिक कृषकों ने लिया प्रशिक्षण
राष्ट्रीय कपास उत्पादकता मिशन के अंतर्गत विश्व कपास दिवस के अवसर पर किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के सहयोग से साइमा कॉटन डेवलपमेंट रिसर्च एसोसिएशन, कोयम्बटूर द्वारा जिले में एक दिवसीय क्लस्टर स्तरीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में क्षेत्र के 300 से अधिक कृषकों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण में कृषकों को लंबे रेशे एवं अतिरिक्त लंबे रेशे वाली कपास की उन्नत किस्मों की उत्पादन तकनीक, बीज चयन, फसल प्रबंधन एवं सर्वोत्तम कृषि पद्धतियों के संबंध में विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गई। साथ ही गुणवत्तापूर्ण कपास उत्पादन के लिए उन्नत बीज, नवीन कृषि तकनीकों एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया गया।
कृषकों को कस्तूरी भारत कॉटन एवं नवीनतम कृषि तकनीकों के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण कपास का अधिक उत्पादन प्राप्त कर कृषि लाभ बढ़ाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग इंदौर संभाग के संयुक्त संचालक श्री जितेन्द्र सिंह, उप संचालक कृषि श्री शिव सिंह राजपूत, अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री बी.एस. सेंगर, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी, कृषि महाविद्यालय खण्डवा के अधिष्ठाता डॉ. तोमर, डॉ. सतीश परसाई, कृषि विज्ञान केन्द्र खरगोन के वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक श्री आर.के. सिंह, विपणन सलाहकार श्री दिनेश गुप्ता, सचिव एवं मुख्य कॉटन प्रजनक डॉ. एम. आशारानी, एफपीओ प्रबंधक श्री बालकृष्ण पाटीदार एवं श्री मोहनसिंह सिसोदिया सहित परियोजना संचालक आत्मा के अधिकारी, वैज्ञानिक एवं कृषक उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone