सेवा संकल्प अभियान के तहत इन्फ्लुएंसर्स एक्सचेंज एवं साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित
________________
सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग एवं साइबर सुरक्षा को लेकर छात्राओं को किया जागरूक
________________
भारतीय वायु सेना दिवस पर वायु योद्धाओं के योगदान और राष्ट्र सेवा पर हुई चर्चा
________________
खरगोन 08 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं भारतीय वायु सेना दिवस के अंतर्गत शासकीय कन्या महाविद्यालय, खरगोन में इन्फ्लुएंसर्स एक्सचेंज एवं साइबर सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा सोशल मीडिया रचनाकार विद्यार्थियों एवं स्थानीय प्रभावशाली व्यक्तियों को एक मंच पर जोड़कर सेवा, सुशासन, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संदेश को डिजिटल माध्यमों से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में इन्फ्लुएंसर्स एवं विद्यार्थियों के बीच संवाद के माध्यम से सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं जनकल्याणकारी उपयोग पर चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने डिजिटल मंचों को केवल मनोरंजन का माध्यम न मानते हुए सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के संदेश के प्रचार-प्रसार का प्रभावी माध्यम बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने डिजिटल रचनात्मकता, सामाजिक उत्तरदायित्व, वाचन एवं संचार कौशल के साथ राष्ट्र निर्माण की भावना को बढ़ावा देने पर अपने विचार रखे।
पूर्व छात्रा मोनिका मिश्रा नायर ने अपनी स्वरचित कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुति के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति एवं नागरिक कर्तव्यों का संदेश दिया। उन्होंने राष्ट्र की एकता एवं अखंडता, युवा शक्ति तथा मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावनाओं को अपनी प्रस्तुति के माध्यम से अभिव्यक्त किया।
पूर्व छात्रा एवं इंटीरियर डिजाइनर तेजस्विनी चौहान ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि इंटीरियर डिजाइनिंग केवल सजावट तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें रचनात्मक सोच, तकनीकी ज्ञान, रंग संयोजन, स्थान प्रबंधन एवं आधुनिक डिजाइन की समझ महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि एवं प्रतिभा को नई दिशा देकर रचनात्मक क्षेत्रों में बेहतर करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व छात्रा जिज्ञासा मालवीय ने कथक नृत्य की भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से छात्राओं को कला, संस्कृति एवं आत्मविश्वास के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने भारतीय शास्त्रीय नृत्य की समृद्ध परंपरा से छात्राओं को परिचित कराया।
भारतीय वायु सेना दिवस के अवसर पर राष्ट्र सेवा का संदेश
स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के अंतर्गत भारतीय वायु सेना दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. यादव ने भारतीय वायु सेना के गौरवशाली इतिहास, उपलब्धियों एवं राष्ट्र की सुरक्षा में वायु योद्धाओं के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्र सेवा एवं देश के प्रति अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया।
साइबर सुरक्षा को लेकर छात्राओं को किया जागरूक
ई-दक्ष केंद्र के प्रशिक्षक लक्की मालवीया ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए इंटरनेट एवं सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फिशिंग, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं पासवर्ड की सुरक्षा, सोशल मीडिया पर गोपनीयता तथा डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में बताया।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक संबंधी जानकारी अथवा व्यक्तिगत दस्तावेज साझा नहीं करना चाहिए। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल उचित माध्यम से शिकायत दर्ज कराने एवं सतर्क रहने की आवश्यकता पर भी बल दिया गया। छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय पोषण माह के समापन पर हुआ पोषण आकलन
गृह विज्ञान विभाग द्वारा राष्ट्रीय पोषण माह के समापन अवसर पर छात्राओं एवं महाविद्यालय के स्टाफ का पोषण आकलन भी किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की वरिष्ठ प्राध्यापिका प्रोफेसर प्रीति राठौड़ हाड़ा, डॉ. सेवंती डाबर, डॉ. ममता गोयल, प्रोफेसर मनीष रघुवंशी, प्रोफेसर उमा मंडलोई, प्रोफेसर कविता बर्डे सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. गोरेलाल डावर ने किया तथा आभार करियर मार्गदर्शन प्रभारी डॉ. मनीषा चौहान ने व्यक्त किया।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान