उत्कृष्ट विद्यालय खरगोन में जिला स्तरीय कालिदास समारोह संपन्न
________________
श्लोक पाठ, चित्रांकन एवं संस्कृत नृत्य नाटिका में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा
________________
महाकवि कालिदास की रचनाओं और संस्कृत साहित्य की समृद्ध परंपरा को किया जीवंत
________________
खरगोन 08 अक्टूबर 2026। लोक शिक्षण संचालनालय, मध्यप्रदेश भोपाल के आदेश के परिपालन एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्री तेजसिंह राठौर के निर्देशन में शासकीय देवी अहिल्या उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-01 में जिला स्तरीय कालिदास समारोह का आयोजन किया गया। संस्कृत भाषा के संवर्धन एवं विकास के उद्देश्य से आयोजित समारोह में जिले के छह विकासखंडों खरगोन, गोगावां, भगवानपुरा, झिरन्या, महेश्वर एवं भीकनगांव से चयनित विद्यार्थी शामिल हुए।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों के लिए श्लोक पाठ, चित्रांकन एवं संस्कृत नृत्य नाटिका की जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी प्रस्तुतियों एवं कलाकृतियों के माध्यम से महाकवि कालिदास की रचनाओं तथा संस्कृत साहित्य की समृद्ध परंपरा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं संस्कृत भाषा के प्रति उनकी रुचि देखने को मिली। श्लोक पाठ में विद्यार्थियों ने संस्कृत उच्चारण एवं प्रस्तुति कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं चित्रांकन में महाकवि कालिदास की रचनाओं एवं संस्कृत साहित्य से जुड़े विषयों को चित्रों के माध्यम से अभिव्यक्त किया गया। संस्कृत नृत्य नाटिका में विद्यार्थियों ने अभिनय, नृत्य एवं संवाद के माध्यम से प्रभावी प्रस्तुतियां दीं।
प्रतियोगिताओं के समापन अवसर पर विभिन्न विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों सहित सहभागिता करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री राजेंद्र पाटीदार, व्याख्याता श्रीमती मीरा राखोलिया, योजना अधिकारी श्री चंदर सिंह मंडलोई, श्री कृष्णकांत नामदेव, क्रीड़ा निरीक्षक श्री हबीब बेग मिर्जा, श्रीमती रंजना पाटीदार, श्री विशाल जोशी, श्रीमती जयंती पाटीदार, श्री भूरेसिंह डावर, श्री बीरबल पटेल एवं श्री सुरेंद्र गुप्ता सहित विभिन्न विकासखंडों से आए प्रभारी शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone