टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत जिले में ‘जोश टीम’ का शुभारंभ
________________
भारत मंडपम, नई दिल्ली के कार्यक्रम का हुआ लाइव प्रसारण, टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों को प्रमाण-पत्र वितरित
________________
खरगोन की 137 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित, 11 को गोल्ड, 27 को सिल्वर और 99 को ब्रॉन्ज अवार्ड
________________
खरगोन 08 अक्टूबर 2026। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा गठित ‘टीबी मुक्त भारत टीम-जोश’ के शुभारंभ अवसर पर 8 अक्टूबर को शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा द्वारा किया गया।
जिले में गठित जोश टीम में एनसीसी कैडेट, माय भारत वालंटियर, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला श्रम अधिकारी सहित जिला स्तरीय अधिकारियों एवं युवाओं को शामिल किया गया है। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, एनसीसी कैडेट, माय भारत वालंटियर, जिला कार्यक्रम समन्वयक तथा टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के उपरांत जिले की 589 ग्राम पंचायतों में से 137 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया गया। इनमें 11 ग्राम पंचायतों को गोल्ड, 27 को सिल्वर तथा 99 ग्राम पंचायतों को ब्रॉन्ज अवार्ड प्राप्त हुआ। अवार्ड प्राप्त करने वाली टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों को टीबी मुक्त पंचायत के प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।
जिला क्षय अधिकारी डॉ. हर्ष महाजन ने जिले के समस्त निजी चिकित्सकों, एक्स-रे लैब एवं निजी स्वास्थ्य संस्थाओं से अपील की कि क्षय रोगियों की स्क्रीनिंग के साथ उनका नोटिफिकेशन भी सुनिश्चित करें, ताकि खरगोन जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के लक्ष्यों को प्राप्त करने में सहयोग मिल सके।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने आम नागरिकों से अपील की कि वे अपने निकटतम शासकीय स्वास्थ्य संस्थान में जाकर टीबी की स्क्रीनिंग एवं जांच करवाएं। उन्होंने बताया कि जिले में यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है। साथ ही युवाओं, समाजसेवियों एवं संस्थाओं से क्षय रोगियों की सहायता के लिए निक्षय मित्र बनकर फूड बास्केट वितरित करने का आह्वान किया।
जिला कार्यक्रम समन्वयक (क्षय) श्री विजय ठक्कर ने बताया कि क्षय रोगियों को उपचार अवधि में पौष्टिक एवं उच्च प्रोटीनयुक्त आहार लेने, रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत रखने तथा नियमित दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उपचार के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार स्वस्थ होने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
#JansamparkMP #khargone