सड़क हादसे में किसान की मौत, दो भतीजे घायल
आरा-बक्सर मुख्य मार्ग पर शाहपुर के पास गुरुवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार किसान श्याम बिहारी पाल (45) की मौत हो गई, जबकि उनके दो भतीजे सुमित (13) और अमित (11) गंभीर रूप से घायल हो गए।
श्याम बिहारी पाल अपने ससुराल दीहपर गांव से श्राद्ध कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। तीनों को इलाज के लिए आरा लाया गया, जहां श्याम बिहारी ने दम तोड़ दिया।
वे परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से पत्नी लीलावती देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पंचायत समिति सदस्य अनिल राय ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना जताई और प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग की।