रक्षाबंधन पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष कार्रवाई
________________
खरगोन सहित बिस्टान, भीकनगांव, कसरावद, सनावद और बड़वाह में निरीक्षण
________________
मावा, मिठाई, दूध एवं सोयाबिन तेल सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
________________
खरगोन 26 अगस्त 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के निर्देशानुसार रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत खरगोन शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए हैं। सभी नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा खरगोन शहर में जोधपुर स्वीट्स, रूप श्री स्वीट्स, वल्लभा स्वीट्स, जायका स्वीट्स, जम-जम स्वीट्स तथा सक्षम इंटरप्राइजेस का निरीक्षण किया गया। जोधपुर स्वीट्स से मावा एवं मलाई बर्फी, रूप श्री स्वीट्स से पेड़ा, मलाई बर्फी एवं मावा, वल्लभा स्वीट्स से काजू कतली, रसगुल्ला, मलाई बर्फी एवं मिल्क केक, जायका स्वीट्स से पेड़ा एवं मावा तथा जम-जम स्वीट्स से मावा एवं दूध के नमूने लिए गए। सक्षम इंटरप्राइजेस से सोयाबिन तेल का नमूना संग्रहित किया गया।
भीकनगांव में भी कार्रवाई करते हुए अतुल एंड कंपनी, श्री श्याम बीकानेर स्वीट्स एवं केक गैलरी तथा राम-भरोसे होटल का निरीक्षण किया गया। अतुल एंड कंपनी से सोयाबिन तेल, खोपरा गोठा एवं खाद्य पदार्थ के नमूने, श्री श्याम बीकानेर स्वीट्स एवं केक गैलरी से मलाई बर्फी एवं मिल्क केक तथा राम-भरोसे होटल से मावा, पनीर, मावा पेड़ा एवं मावा के नमूने संग्रहित किए गए।
कसरावद में पाटीदार दूध डेयरी, अम्रपाली स्वीट्स एवं भगवती स्वीट्स का निरीक्षण किया गया। पाटीदार दूध डेयरी से मिल्क केक एवं मावा, अम्रपाली स्वीट्स से रसगुल्ला, काजू कतली एवं मलाई बर्फी तथा भगवती स्वीट्स से मावा कतली एवं गुलाब जामुन के नमूने लिए गए।
इसी प्रकार सनावद में श्याम डेयरी एवं स्वीट्स, पुरोहित स्वीट्स तथा श्री बाबा श्री रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। श्याम डेयरी एवं स्वीट्स से मावा एवं मावा कतली, पुरोहित स्वीट्स से मावा तथा श्री बाबा श्री रेस्टोरेंट से पेड़ा एवं मिल्क केक के नमूने संग्रहित किए गए।
बड़वाह में भगवती बीकानेर स्वीट्स का निरीक्षण कर कलाकंद एवं मिल्क केक के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में कमी अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं नियम, 2011 के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी, ताकि त्योहारी सीजन में नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।
उक्त कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एच.एल. आवस्या तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आर.आर. सोलंकी एवं श्री एन.एस. सोलंकी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone