नेत्रदान महादान : 41वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा शुरू
________________
25 अगस्त से 8 सितंबर तक जिले में चलेगा जागरूकता अभियान
________________
नेत्रदान के साथ बच्चों की आंखों की सुरक्षा पर भी दिया जा रहा विशेष जोर
________________
खरगोन 25 अगस्त 2026। राष्ट्रीय दृष्टिहीनता कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में 25 अगस्त से 8 सितंबर 2026 तक 41वां राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस दौरान आमजन को नेत्रदान के प्रति जागरूक करने के साथ ही बच्चों में दृष्टिदोष एवं विटामिन-ए की कमी से होने वाले नेत्र रोगों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य शिक्षा दी जा रही है।
नेत्रदान पखवाड़े के अंतर्गत स्कूलों में छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्चों की आंखों की जांच की जा रही है। विटामिन-ए की कमी से कॉर्निया को होने वाले नुकसान और अंधत्व से बचाव के लिए स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक स्वास्थ्य शिक्षा देने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में स्कूली बच्चों के नेत्र परीक्षण शिविर जिला चिकित्सालय खरगोन के साथ-साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा बच्चों को पर्याप्त मात्रा में विटामिन-ए की खुराक दिलाने तथा विटामिन-ए युक्त खाद्य पदार्थ जैसे दूध, गाजर, पपीता एवं हरी सब्जियों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई है। बच्चों को कम दिखाई देने की शिकायत होने पर तत्काल नेत्र चिकित्सक से जांच कराने, नुकीली वस्तुओं से बच्चों को दूर रखने तथा आंख में चोट लगने पर तुरंत नेत्र सर्जन को दिखाने की अपील की गई है।
मरणोपरांत ही किया जाता है नेत्रदान
________________
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नेत्रदान मरणोपरांत ही स्वीकार किया जाता है। जो व्यक्ति मृत्यु के बाद अपने नेत्रदान करना चाहते हैं, उनके लिए नेत्रदान घोषणा पत्र भरवाने की व्यवस्था प्रत्येक विकासखंड एवं जिला स्तर पर उपलब्ध है। इच्छुक व्यक्ति जीवनकाल में नेत्रदान की घोषणा कर सकते हैं, जिसके बाद मरणोपरांत निर्धारित प्रक्रिया के तहत नेत्रदान किया जाता है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. डी.एस. चौहान ने आम नागरिकों से नेत्रदान के इस पुनीत अभियान में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नेत्रदान सामाजिक एवं मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा ऐसा कार्य है, जिसके माध्यम से मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद के जीवन में रोशनी लाई जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से 41वें राष्ट्रीय नेत्रदान पखवाड़े के दौरान ‘नेत्रदान महादान’ अभियान में अधिक से अधिक सहभागिता करने का आह्वान किया।
#JansamparkMP #khargone