जिला स्तरीय बेसिक स्काउट मास्टर एवं कब मास्टर प्रशिक्षण शिविर संपन्न
________________
82 प्रतिभागियों ने प्राप्त किया बेसिक प्रशिक्षण
________________
स्काउटिंग-गाइडिंग जीवन जीने की कला : जिला शिक्षा अधिकारी तेजसिंह राठौड़
________________
खरगोन 26 अगस्त 2026। भारत स्काउट एंड गाइड मध्यप्रदेश राज्य मुख्यालय भोपाल के तत्वावधान में जिला कमिश्नर स्काउट एवं जिला कमिश्नर गाइड के निर्देशानुसार जिला स्तरीय बेसिक स्काउट मास्टर एवं कब मास्टर प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 19 से 25 अगस्त 2026 तक गायत्री वृततीर्थ, मैहरजा में किया गया। शिविर सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती कविता आर्य के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
जिला सचिव श्री पुरुषोत्तम चौहान ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में जिले की प्राथमिक संस्थाओं से 50 कब मास्टर तथा माध्यमिक, हाईस्कूल एवं उमावि संस्थाओं से 32 स्काउट मास्टर सहित कुल 82 प्रतिभागियों ने बेसिक कोर्स का प्रशिक्षण प्राप्त किया। बेसिक स्काउट एवं कब मास्टर प्रशिक्षण शिविर का संचालन जिला संघ इंदौर के लीडर ट्रेनर एवं शिविर संचालक श्री राजेंद्र लश्करी के नेतृत्व में किया गया।
प्रशिक्षण में सहायक लीडर ट्रेनर श्री राजेंद्र कुमार मालवीय, हिमालय वुड बैज प्रशिक्षित श्री शिवराम बघेला, श्री प्रदीप गुप्ता, श्री विश्वजीत कुशवाह एवं श्री प्रेमचंद्र पाटीदार ने सहयोग प्रदान किया। वहीं बेसिक कब मास्टर प्रशिक्षण में सहायक प्रशिक्षक एडवांस कब मास्टर श्री गजेंद्र चौहान एवं श्री जगदीश कर्मा का सहयोग रहा।
सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुआ समापन
________________
शिविर के समापन अवसर पर 25 अगस्त को प्रातः 7:30 बजे सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। इसके पश्चात प्रातः 9:30 बजे समापन कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला कमिश्नर स्काउट श्री तेजसिंह राठौड़ के मुख्य आतिथ्य तथा पूर्व जिला प्रशिक्षण आयुक्त श्री दिगंबर बागडे के आतिथ्य में संपन्न हुआ। अतिथियों का स्कार्फ वागल से स्वागत सहायक शिविर संचालक श्री राजेंद्र कुमार मालवीय ने किया।
इस अवसर पर शिविरार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त अनुभव साझा किए। मुख्य अतिथि श्री तेजसिंह राठौड़ ने कहा कि स्काउटिंग एवं गाइडिंग जीवन जीने की कला है। यदि प्रशिक्षण को मन से आत्मसात किया जाए तो प्रशिक्षक बेहतर बच्चों के साथ-साथ अच्छे समाज के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने सभी प्रशिक्षित स्काउट मास्टर एवं कब मास्टर्स से अपने-अपने विद्यालयों में जाकर स्काउट एवं कब दलों का प्रभावी संचालन करने का आह्वान किया।
समापन कार्यक्रम का संचालन एडवांस स्काउट मास्टर श्री जगदीश आवासे ने किया तथा शिविर का प्रतिवेदन श्री राजेंद्र मालवीय ने प्रस्तुत किया। शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों एवं प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।
#JansamparkMP #khargone