महर्षि अरविंद जयंती पर जिला स्तरीय व्याख्यानमाला आयोजित
________________
महर्षि अरविंद के विचार आज भी युवाओं को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देते हैं
________________
योग, साधना और राष्ट्रवाद के समन्वय पर वक्ताओं ने डाला प्रकाश
________________
जन अभियान परिषद ने आयोजित की जिला स्तरीय व्याख्यानमाला
________________
खरगोन 25 अगस्त 2026। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, खरगोन द्वारा महर्षि अरविंद जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय व्याख्यानमाला का आयोजन प्रकाश स्मृति सेवा संस्थान, रविंद्र नगर खरगोन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महर्षि अरविंद के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सेवानिवृत्त प्रोफेसर, कवि एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री डॉ. शंभुसिंह मनोहर तथा पूर्व परशुराम बोर्ड अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता श्री राजेंद्र परसाई उपस्थित रहे। कार्यक्रम की रूपरेखा एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की गतिविधियों की जानकारी जिला समन्वयक श्री विजय शर्मा ने दी।
मुख्य वक्ता डॉ. शंभुसिंह मनोहर ने महर्षि अरविंद के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि महर्षि अरविंद केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि महान आध्यात्मिक चिंतक और दूरदर्शी राष्ट्रवादी विचारक भी थे। उन्होंने ‘वंदे मातरम्’ और ‘युगांतर’ जैसे समाचार पत्रों के माध्यम से देश में राष्ट्रीय चेतना का संचार किया। उनके विचार आज भी युवाओं को राष्ट्र के प्रति समर्पण, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने बताया कि अलीपुर जेल में महर्षि अरविंद को प्राप्त आध्यात्मिक अनुभूति ने उनके जीवन की दिशा बदल दी। इसके बाद उन्होंने अपना जीवन पुडुचेरी आश्रम में योग, साधना और मानव चेतना के विकास के लिए समर्पित कर दिया। वक्ता ने कहा कि महर्षि अरविंद ने भारत की स्वतंत्रता को लेकर बहुत पहले ही 15 अगस्त का उल्लेख किया था। उन्होंने उपस्थित सदस्यों से महर्षि अरविंद के विचारों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
श्री राजेंद्र परसाई ने महर्षि अरविंद के समग्र योग दर्शन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके अनुसार साधना के लिए संसार का त्याग या एकांत में जाना आवश्यक नहीं है, बल्कि “सारा जीवन ही योग है।” उन्होंने कर्मयोग, ज्ञानयोग, भक्ति एवं अध्यात्म के समन्वय को महर्षि अरविंद के दर्शन का महत्वपूर्ण पक्ष बताया। उन्होंने कहा कि महर्षि अरविंद द्वारा प्रतिपादित सर्वांग योग व्यक्ति को शांति, शक्ति, ज्ञान, शरीर, कर्म, ब्रह्म प्राप्ति और सिद्धि की ओर ले जाता है।
कार्यक्रम का आभार श्री विकास पांडे ने व्यक्त किया तथा संचालन विकासखंड समन्वयक भगवानपुरा श्री महेंद्र खराड़े ने किया। कार्यक्रम में परिषद के विकासखंड समन्वयक धर्मेंद्र गुप्ता, मोनिका नामदेव, विकास पांडे, कालूसिंह मंडलोई सहित नवांकुर समितियों के सदस्य एवं सीएमसीएलडीपी के परामर्शदाता उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone