कूटरचित दस्तावेजों के सहारे बनवाए दो पासपोर्ट, आरोपी गिरफ्तार
नाम, जन्मतिथि और पते में हेराफेरी कर जारी कराए थे पासपोर्ट, सादुल्लानगर पुलिस ने जाफरपुर मोड़ से दबोचा
बलरामपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सादुल्लानगर पुलिस ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर दो पासपोर्ट बनवाने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय रवाना कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मेहंदी हसन पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी ग्राम जाफरपुर, थाना सादुल्लानगर पर आरोप है कि उसने अपने नाम के साथ-साथ पत्नी और माता-पिता के नाम में भी कूटरचना की। इसके अलावा जन्मतिथि में अंतर और पता बदलकर कथित रूप से दो पासपोर्ट जारी कराए थे।
मामले की जांच वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह द्वारा की गई। जांच के बाद मिली तहरीर के आधार पर थाना सादुल्लानगर में पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 12(1)(B) में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष सत्येन्द्र वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी मेहंदी हसन को जाफरपुर मोड़, सादुल्लानगर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दुर्गेश तिवारी, कांस्टेबल प्रेम कुमार और कांस्टेबल सोम कुमार शामिल रहे।
#BalrampurNews #UPNews #BalrampurPolice #Sadullanagar #PassportFraud #CrimeNews #UPPolice #बलरामपुर_न्यूज #सादुल्लानगर_पुलिस #पुलिस_कार्रवाई #अपराध_पर_प्रहार #उत्तरप्रदेश_समाचार