डग पुलिस की जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6 आरोपी गिरफ्तार; 16 हजार रुपए नकद और 6 मोबाइल जब्त
झालावाड़। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डग थाना पुलिस ने जुए के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 हजार रुपए की जुआ राशि, 6 मोबाइल फोन और 3 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा के निर्देशन एवं वृत्ताधिकारी आशीष भार्गव के निकटतम सुपरविजन में डग थानाधिकारी सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
11 नवंबर 2026 की देर रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को पृथ्वीगढ़ रोड स्थित डग के एक खेत के बगीचे में कुछ लोगों के ताश के पत्तों पर रुपए का दांव लगाकर जुआ खेलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर जुआ खेल रहे छह आरोपियों मनोज बैरागी (29), कालूलाल प्रजापत (30), नरेंद्र सिंह (37), आरिफ (27) निवासी बोलिया थाना गरोठ जिला मंदसौर, मनीष (39) और चंदू सोनी (28) निवासी सिलेहगढ़ थाना मिश्रोली को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मौके से 16 हजार रुपए की जुआ राशि, छह मोबाइल फोन और तीन मोटरसाइकिलें जब्त कीं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। कार्रवाई में डग थाना पुलिस की विशेष टीम शामिल रही।
Sangod, Kota | Nov 13, 2026