जिला पदाधिकारी ने चानन प्रखंड कार्यालय में कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 के तहत बूथों का किया निरीक्षण, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 24×7 सेवा बहाल रखने का दिया निर्देश
लखीसराय। जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार द्वारा कोशी स्नातक निर्वाचन-2026 के मद्देनजर प्रखंड कार्यालय, चानन में मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी द्वारा चानन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान यह बात सामने आई कि चिकित्सकों की उपलब्धता नहीं होने के कारण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 24×7 स्वास्थ्य सेवा नियमित रूप से संचालित नहीं हो पा रही थी। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए दो चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति की।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित स्वास्थ्य पदाधिकारियों एवं चिकित्सकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, चानन में 24×7 स्वास्थ्य सेवा हर हाल में बहाल रखी जाए, ताकि क्षेत्र के मरीजों को दिन-रात आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने चिकित्सकों की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।
इसके अतिरिक्त जिला पदाधिकारी द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस परिचालन की स्थिति की भी जांच की गई। जांच के दौरान एंबुलेंस सेवा का संचालन संतोषजनक पाया गया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, आज कुल चार कॉल प्राप्त हुए, जिन पर एंबुलेंस सेवा के माध्यम से कार्रवाई की गई।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा आम लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
2 views | Lakhisarai, Bihar | Oct 16, 2026