कृषि वर्ष 2026-27 के खरीफ मौसम की कृषि सांख्यिकी को लेकर जिला स्तरीय एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
लखीसराय, 16 अक्टूबर 2026।
आज दिनांक 16.10.2026 को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला सांख्यिकी कार्यालय, लखीसराय द्वारा कृषि वर्ष 2026-27 के खरीफ मौसम से संबंधित कृषि सांख्यिकी के अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार ने की।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य खरीफ मौसम में फसल कटनी प्रयोग, खेसरा पंजी, चयनित फसलों की पहचान तथा फसल कटनी से संबंधित सांख्यिकीय आंकड़ों के सटीक एवं पारदर्शी संकलन की प्रक्रिया से संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षित करना था।
प्रशिक्षण सत्र में श्री आलोक प्रभात, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, बड़हिया द्वारा कृषि सांख्यिकी से संबंधित विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि कृषि वर्ष 2026-27 में खरीफ मौसम के अंतर्गत चयनित फसलों का फसल कटनी प्रयोग शत-प्रतिशत मोबाइल ऐप के माध्यम से संपादित किया जाएगा। इसके माध्यम से फसल कटनी प्रयोग की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जा सकेगा तथा कृषि उत्पादन से संबंधित आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।
प्रशिक्षण के दौरान फसल कटनी प्रयोग के चयन, निर्धारित प्रक्रिया के अनुपालन, खेसरा पंजी के संधारण तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से आंकड़ों के संकलन एवं प्रविष्टि से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। साथ ही, संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ करने पर बल दिया गया।
फसल कटनी प्रयोग के कार्यान्वयन में प्रखंड एवं पंचायत स्तर पर संबंधित पदाधिकारियों, कृषि समन्वयकों तथा किसान सलाहकारों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इनके माध्यम से प्राप्त आंकड़े कृषि उत्पादन के आकलन एवं कृषि सांख्यिकी के संकलन में उपयोगी होते हैं।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी लखीसराय, जिला कृषि पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता श्री राहुल कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे l
8 views | Lakhisarai, Bihar | Oct 16, 2026