आज दिनांक 15.10.2026 को आत्मा, लखीसराय के तत्वावधान में जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय वासंतिक (रबी) प्रशिक्षण-सह-कर्मशाला एवं महिला किसान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य रबी मौसम में कृषि उत्पादन एवं उत्पादकता में वृद्धि, किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी कृषकों तक पहुँचाना था।
कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, उनके उद्देश्यों, पात्रता, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया एवं कृषकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही, रबी मौसम में विभिन्न फसलों की वैज्ञानिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने, संतुलित उर्वरक उपयोग, गुणवत्तापूर्ण बीजों के प्रयोग, कीट-व्याधि प्रबंधन तथा कृषि संसाधनों के समुचित उपयोग के महत्व पर भी चर्चा की गई।
जिला पदाधिकारी महोदय के द्वारा संबोधित करते हुए निर्देशित किया गया कि विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र कृषकों को समय पर दें, कृषकों को संतुलित उर्वरक उपयोग की भी जानकारी दें एवं जो भी कृषक आत्मा योजना अंतर्गत राज्य के बाहर/राज्य के अंदर प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके कृषकों से फीडबैक प्राप्त करें।
अपर समाहर्ता महोदय द्वारा निर्देशित किया गया कि कृषकों को डिजिटल कृषि से जोड़ते हुए शत प्रतिशत फार्मर 🆔 का निर्माण कराएं।
महिला किसान दिवस के अवसर पर कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका, कृषि कार्यों में उनकी सक्रिय भागीदारी तथा कृषि आधारित आजीविका को सशक्त बनाने के विषय पर विशेष जोर दिया गया। महिला किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं से जुड़कर लाभ उठाने तथा आधुनिक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा श्री कुंदन कुमार, जिला उद्यान पदाधिकारी, श्री राजीव रंजन, उप निदेशक कृषि अभियंत्रण, श्री आनंद कुमार , जिला पशुपालन पदाधिकारी, जिला गव्य विकास पदाधिकारी , सहायक निदेशक ( शष्य), सभी प्रखंडों के सभी प्रखंड कृषि पदाधिकारी, कृषि समन्वयक , बीज वितरक एवं संबंधित कर्मियों की सहभागिता रही। इस अवसर पर किसानों को कृषि संबंधी नवीनतम जानकारी उपलब्ध कराने, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।
12 views | Lakhisarai, Bihar | Oct 15, 2026