जिला मूल्यांकन समिति की बैठक में भूमि की नई श्रेणियों के सृजन एवं एमवीआर के समायोजन पर चर्चा
आज दिनांक 16.10.2026 को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में आज जिला पदाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में जिला मूल्यांकन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूमि की वर्तमान श्रेणियों के पुनर्गठन, नई श्रेणियों के सृजन तथा न्यूनतम मूल्यांकन पंजी (एमवीआर) के समायोजन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में सर्वप्रथम उपस्थित सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया गया। इसके उपरांत जिला अवर निबंधक-सह-सचिव द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग की अधिसूचना संख्या 4059, दिनांक 18.06.2026 के आलोक में बिहार स्टाम्प (लिखत का न्यून मूल्यांकन निवारण) नियमावली, 1995 के नियम-5 में जोड़े गए प्रावधानों की जानकारी दी गई।
बैठक में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में भूमि वर्गीकरण को एकरूप बनाने के उद्देश्य से विभिन्न भूमि श्रेणियों के पुनर्गठन पर चर्चा की गई। ग्रामीण एवं परिफेरल क्षेत्रों में अनुपजाऊ भूमि, असिंचित भूमि, सिंचित भूमि, आवासीय भूमि, व्यावसायिक भूमि तथा औद्योगिक भूमि की श्रेणियों के निर्धारण पर विचार किया गया। वहीं, शहरी एवं मेट्रोपोलिटन क्षेत्रों में प्रधान सड़क, मुख्य सड़क, शाखा सड़क, अन्य सड़क एवं गली से संबंधित भूमि की श्रेणियों के वर्गीकरण पर चर्चा हुई।
समिति को अवगत कराया गया कि वर्तमान एमवीआर वर्गीकरण में नई अधिसूचना के अनुरूप परिवर्तन आवश्यक है। इसके तहत पुरानी श्रेणियों का विलोपन अथवा समायोजन करते हुए नई श्रेणियों के लिए प्रभावी एमवीआर निर्धारित करने पर विचार किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में फसल आधारित भूमि मूल्यांकन तथा शहरी क्षेत्रों में सड़क की स्थिति एवं भूमि के उपयोग के आधार पर मूल्यांकन की व्यवस्था पर भी चर्चा हुई।
बैठक में संबंधित पदाधिकारियों ने वर्गीकरण एवं मूल्यांकन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और व्यावहारिक बनाने के संबंध में अपने विचार रखे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक की कार्यवाही समाप्त की गई।
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार भूमि सुधार रूप समाहर्ता श्री राहुल कुमार जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार एवं संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहेl
9 views | Lakhisarai, Bihar | Oct 16, 2026