➡️ सीईओ डॉ.मीणा ने बाकुंड जनपद पंचायत क्षेत्र का किया निरीक्षण
➡️ वनग्राम जुवाझर में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, चौपाल भवन एवं वन अधिकार पट्टों के संबंध में दिए निर्देश
कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे के निर्देशानुसार सीईओ डॉ. प्रमोद कुमार मीणा ने बाकुंड जनपद पंचायत क्षेत्र का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वनग्राम जुवाझर पहुंचकर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं मांगों को सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने गांव में चौपाल भवन निर्माण की मांग रखी। ग्रामीणों की मांग पर सीईओ ने पंचायत को चौपाल भवन निर्माण संबंधी प्रस्ताव जीपीडीपी में शामिल कराने के निर्देश दिए, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने वन अधिकार पट्टों से संबंधित समस्या भी उनके समक्ष रखी। ग्रामीणों ने 38 वन अधिकार पट्टों के संबंध में शिकायत करते हुए निराकरण की मांग की। इस पर सीईओ डॉ. मीणा ने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की जानकारी लेकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही।
इसके पश्चात सीईओ ने क्षेत्र में कराए गए बोरी बंधान कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की स्थिति का जायजा लेते हुए मौके पर उपलब्ध जानकारी प्राप्त की। इसके साथ ही उन्होंने डेम का भी निरीक्षण किया और जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की स्थिति देखी।निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों से संवाद कर उनकी आवश्यकताओं एवं समस्याओं की जानकारी ली गई। साथ ही पंचायत क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Jansampark Madhya Pradesh
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul