➡️ #सेवा_संकल्प_अभियान: जेएच कॉलेज में सात दिवसीय शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जयवंती हाक्सर शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैतूल में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 10 से 17 अक्टूबर तक हैकाथॉन, नवाचार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता एआई प्रशिक्षण, साक्षात्कार की तैयारी एवं बौद्धिक संपदा अधिकार आईपीआर पर केंद्रित विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, रचनात्मकता, नवाचार, तकनीकी दक्षता एवं व्यावसायिक कौशल विकसित करना था।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस सामाजिक नवाचार के लिए डिजाइन थिंकिंग विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें मुख्य वक्ता डॉ. दिव्य प्रकाश, सहायक प्राध्यापक, हिन्दी ने सामाजिक समस्याओं की पहचान, रचनात्मक चिंतन तथा नवीन विचारों के माध्यम से व्यावहारिक समाधान विकसित करने के महत्व पर प्रकाश डाला।
द्वितीय दिवस सेवा संकल्प अभियान 2026 एवं युवाओं की भूमिका विषय पर व्याख्यान हुआ। मुख्य वक्ता डॉ. सपना चंदेल, गणित विभाग तथा विशेष अतिथि डॉ. जी. पी. साहू, प्राध्यापक रसायन शास्त्र एवं अभियान के नोडल अधिकारी ने युवाओं की सामाजिक जिम्मेदारियों, जनकल्याण तथा राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका पर विचार व्यक्त किए। इस कार्यक्रम में लगभग 50 विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
तृतीय दिवस, 14 अक्टूबर 2026 को पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, महिला सुरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य, युवा शक्ति, विकसित भारत तथा अन्य सामाजिक सरोकारों पर आधारित आकर्षक पोस्टर बनाकर अपने विचारों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता का नेतृत्व डॉ. ऋतु साहू ने किया। प्रतियोगिता में शीतल यादव ने प्रथम, नेहा पंड्राम ने द्वितीय तथा सलोनी दुर्वे ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
अभियान के अंतर्गत आयोजित चतुर्थ दिवस में डॉ. शीतल खरे ने विद्यार्थियों को संबंधित विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। पांचवें दिवस डॉ. चन्द्रशेखर मेश्राम ने हैकाथॉन, नवाचार एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रशिक्षण पर व्याख्यान देते हुए नवीन विचारों को विकसित करने, समस्या-समाधान तथा अनुसंधान एवं शैक्षणिक कार्यों में आधुनिक तकनीक के उपयोग की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
प्रोफेसर शंकर सतानकर ने छठें दिवस साक्षात्कार की तैयारी विषय पर विद्यार्थियों को प्रभावी संवाद, आत्मविश्वास, व्यक्तित्व प्रस्तुतीकरण तथा साक्षात्कार में सफलता के लिए आवश्यक कौशलों की जानकारी दी। वहीं अंतिम दिवस डॉ. मनोज कुमार घोरसे ने बौद्धिक संपदा अधिकार पर व्याख्यान देते हुए मौलिक विचारों, रचनात्मक कार्यों एवं नवाचारों के संरक्षण के महत्व से अवगत कराया।
इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को सामाजिक समस्याओं के प्रति संवेदनशील बनने, रचनात्मक विचारों को व्यावहारिक रूप देने, तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा रोजगार के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने का अवसर मिला। कार्यशाला ने सामाजिक नवाचार, अनुसंधान, तकनीकी जागरूकता एवं बौद्धिक संपदा संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों की समझ विकसित करने पर विशेष बल दिया।
कार्यक्रमों का आयोजन गणित विभाग, अंग्रेजी विभाग एवं मनोविज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। आयोजन में गणित विभाग से डॉ. रीतू साहू, अंग्रेजी विभाग से डॉ. शीतल खरे तथा मनोविज्ञान विभाग से अनुभूति जैन की प्रमुख भूमिका रही।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Higher Education, Madhya Pradesh
#SevaSankalpAbhiyan
#JansamparkMP
#बैतूल
#betul
4 views | Betul, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026