शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय अमरवाड़ा में “माटी गणेश” निर्माण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
============================================================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन एवं विकासखंड समन्वयक सुश्री वंदना राकेसिया के समन्वय में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय अमरवाड़ा में पर्यावरण संरक्षण विषयक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी देकर जागरूक एवं प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण “माटी गणेश” का निर्माण रहा। ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति की अध्यक्ष एवं एम.एस.डब्ल्यू. द्वितीय वर्ष की छात्रा श्रीमती त्रिवेणी चंद्रवंशी ने मिट्टी से भगवान गणेश की प्रतिमा का निर्माण कर विद्यार्थियों एवं नवांकुर सखियों को पर्यावरण अनुकूल मूर्ति निर्माण का प्रशिक्षण दिया। वक्ताओं ने बताया कि मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएं पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा जल स्रोतों को प्रदूषित होने से बचाती हैं।
कार्यक्रम का संचालन परामर्शदाता श्री राजेश तिवारी ने किया। इस अवसर पर नवांकुर संस्था स्वामी विवेकानंद समिति के श्री सूरसिंग वर्मा ने शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में विकासखंड समन्वयक एवं परामर्शदाताओं का सम्मान किया। कार्यक्रम में उग्रप्रभा नवांकुर संस्था के पदाधिकारी, जिनमें श्री नीलेश डेहरिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक सुश्री वंदना राकेसिया, परामर्शदाता श्री राजेश तिवारी, श्री भुनेश्वर सूर्यवंशी, डॉ. राजकुमार मालवी एवं श्री संदीप सोनी सहित अन्य उपस्थितजनों ने पर्यावरण संरक्षण एवं जलाशयों की स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। अंत में सभी प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई।