ग्वालियर में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली संस्थाओं का निरीक्षण
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो केंद्रीकृत रसोईघरों से लिए खाद्य नमूने
अनियमितताओं पर नोटिस जारी करने की तैयारी
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देशों के पालन में अपर कलेक्टर श्री अनिल बनवारिया के आदेशानुसार खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन तैयार करने और वितरित करने वाली दो केंद्रीकृत संस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक संस्था के स्टोर रूम में खाद्य सामग्री के उचित भंडारण की कमी पाई गई। यहां फर्श पर रखे चावल में गंदगी मिली।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री लोकेन्द्र सिंह, श्री राजेश कुमार गुप्ता, श्री आनंद प्रकाश शर्मा, श्रीमती निरुपमा शर्मा एवं श्री लखनलाल कोरी की टीम ने यह कार्रवाई की।
वर्णिता महिला मंडल के स्टोर रूम में मिली अनियमितता
खाद्य सुरक्षा टीम ने शिवपुरी लिंक रोड स्थित बालाजी फार्म हाउस में संचालित वर्णिता महिला मंडल का निरीक्षण किया। यहां प्रभारी हितेश राय और प्रोपराइटर मंजुला साहू से संबंधित संस्था में सूजी का हलवा, आलू-छोले की सब्जी, अरहर की दाल, चावल, धनिया पाउडर, मिर्च पाउडर और जीरा के नमूने लिए गए।
निरीक्षण के दौरान स्टोर रूम में खाद्य सामग्री का उचित भंडारण नहीं पाया गया। चावल फर्श पर फैले हुए थे और उनमें गंदगी मिली। इस मामले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत धारा 32 में नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी संस्था से भी लिए नमूने
खाद्य सुरक्षा टीम ने स्टोन पार्क, पुरानी छावनी स्थित श्रीमती सुशीला देवी दीक्षित शिक्षा एवं समाज कल्याण महिला मंडल समिति का भी निरीक्षण किया। यहां प्रबंधक अतुल दीक्षित और प्रोपराइटर श्रीमती उपमा दीक्षित से संबंधित संस्था की रसोई से आलू-छोले की सब्जी, सूजी का हलवा, रिफाइंड सोयाबीन तेल और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए।
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दोनों संस्थाओं से लिए गए खाद्य नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
#gwalior
#foodsafety
#FoodInspection
PRO Gwalior
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh