कालिका धाम में 108 महिलाओं ने निकाली भव्य कलश यात्रा, नौ दिन चलेगा धार्मिक अनुष्ठान
वाराणसी के सेवापुरी क्षेत्र स्थित सिद्धपीठ माता कालिका धाम मंदिर परिसर में बुधवार सुबह करीब 10 बजे श्री शतचंडी महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। प्रथम दिन 108 महिलाओं समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। राम जनम योगी के शंखनाद और माता कालिका के जयकारों के बीच यात्रा कालिका बारा, बाराडीह, पुरानी बाजार और हरिभनपुर होते हुए मंदिर परिसर पहुंची।
श्रीधाम अयोध्या से आए यज्ञ पुरुष राजेंद्रानंद जी महाराज की देखरेख में धार्मिक अनुष्ठान नौ दिनों तक चलेगा। समापन 25 सितंबर को होगा। इस दौरान संत-भक्त दर्शन मेला और 64 गांवों का विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा।
राजेंद्रानंद जी महाराज ने बताया कि सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से अब तक 51 महायज्ञ हो चुके हैं। कालिका धाम में 52वां महायज्ञ है। उनका लक्ष्य 108 महायज्ञ कराने का है। कलश यात्रा में डॉ. हर्षवर्धन सिंह, सुरेंद्र सिंह मास्टर, अदिति सिंह पटेल, नीरज सिंह समेत सैकड़ों श्रद्धालु शामिल रहे।