#Balrampur ! कुपोषण पर कड़ा प्रहार: बलरामपुर प्रशासन और जोमैटो फीडिंग इंडिया में एमओयू, 60 आंगनबाड़ियों के बच्चों को मिलेगा पौष्टिक गर्म भोजन...
02 अक्टूबर को केंद्रीय राज्यमंत्री कीर्तिवर्धन सिंह करेंगे प्रोजेक्ट का शुभारंभ...
अचलपुर चौधरी में आधुनिक सेंट्रल किचन तैयार, 5 गाड़ियों से होगी डोर-टू-डोर सप्लाई
फेस रिकग्निशन से उपस्थिति और ऐप से होगी बच्चों की सेहत की डिजिटल मॉनिटरिंग
#बलरामपुर, 22 सितंबर
जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने और मातृ-शिशु स्वास्थ्य में सुधार के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की मौजूदगी में जिला प्रशासन और 'जोमैटो फीडिंग इंडिया' के बीच एक ऐतिहासिक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।
इस पहल के तहत रेहरा बाजार विकासखंड की 21 ग्राम पंचायतों के 60 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को प्रतिदिन निःशुल्क, ताजा, गर्म व पौष्टिक नाश्ता और दोपहर का भोजन मिलेगा। योजना का औपचारिक शुभारंभ 02 अक्टूबर को केंद्रीय राज्यमंत्री श्री कीर्तिवर्धन सिंह करेंगे।
अचलपुर चौधरी में सेंट्रल किचन, 5 गाड़ियों से सप्लाई
प्रोजेक्ट के लिए रेहरा बाजार के अचलपुर चौधरी में एक आधुनिक केंद्रीय रसोई (सेंट्रल किचन) स्थापित की जा रही है। यहां निर्धारित पोषण मानकों और सख्त स्वच्छता के साथ भोजन तैयार होगा, जिसे 5 विशेष वाहनों के जरिए समय पर आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा।
स्वाद और पोषण का 12 दिवसीय रोटेशन मेन्यू
बच्चों को संतुलित आहार देने के लिए 12 दिनों का रोटेशन मेन्यू तय किया गया है:
सुबह का नाश्ता: सब्जियों व मूंगफली युक्त पोहा, दूध का दलिया, इडली-सांभर, नारियल चटनी, अमरंथ व केले की खीर, वेजिटेबल सेवई, गेहूं-रागी दलिया, मौसमी फल और गुड़-चना।
दोपहर का भोजन: अरहर दाल तहरी, लस्सी, पालक-आलू सब्जी, हरी मूंग दाल, चावल, रोटी, पालक-बेसन कढ़ी, चना-पालक दाल, कद्दू सब्जी, पनीर-वेजिटेबल पुलाव और छोले-चावल।
तकनीक से निगरानी, 218 केंद्रों तक विस्तार की योजना
पारदर्शिता के लिए बच्चों की उपस्थिति फेस रिकग्निशन सिस्टम से दर्ज होगी और 'पोषण ट्रैकर' के जरिए उनके शारीरिक विकास (वजन व लंबाई) की डिजिटल ट्रैकिंग की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि शुरुआती 60 केंद्रों के मूल्यांकन के बाद योजना का विस्तार ब्लॉक के सभी 218 आंगनबाड़ी केंद्रों तक किया जाएगा।
एमओयू के दौरान जोमैटो फीडिंग इंडिया के सीईओ श्री अजीत सिंह, प्रोग्राम मैनेजर ऋषभ चोपड़ा व स्वप्नाली तथा केंद्रीय राज्यमंत्री के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur