#Balrampur ! आयुष्मान कार्ड में मंडल में अव्वल, प्रदेश में 21वें स्थान पर बलरामपुर
डीएम ने संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और संचारी रोग नियंत्रण पर दिए निर्देश...
#बलरामपुर, 22 सितंबर।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की शासी निकाय एवं विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान की समीक्षा बैठक हुई। डीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, संस्थागत प्रसव बढ़ाने और मातृ-शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत जिले में 6.26 लाख से अधिक गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं। 85.66 प्रतिशत उपलब्धि के साथ बलरामपुर देवीपाटन मंडल में प्रथम और प्रदेश में 21वें स्थान पर है। नियमित टीकाकरण में भी जिले की उपलब्धि 98.11 प्रतिशत रही।
डीएम ने हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी, जननी सुरक्षा योजना के लंबित भुगतान शीघ्र कराने तथा छूटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण कराने के निर्देश दिए। अगस्त में 456 के लक्ष्य के सापेक्ष 481 टीबी मरीज चिन्हित किए गए।
विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत साफ-सफाई, जलभराव रोकने, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और जनजागरूकता अभियान प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया गया। बैठक में सीडीओ हिमांशु गुप्ता, सीएमओ डॉ. मुकेश रस्तोगी, डीपीएम विनोद त्रिपाठी समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur