बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रानी दो पंचायत स्थित बेगमसराय गांव में बुधवार को बिजली के खंभे में लगी अर्थिंग तार से करंट लगने पर एक भैंस की मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देखने वालों की भीड़ जमा हो गई। वहीं इस हादसे को लेकर पशुपालक का रो-रो कर बुरा हाल है। यह पशु रानी दो पंचायत के वार्ड संख्या 7 बेगमसराय गांव निवासी स्वर्गीय सुखदेव यादव के पुत्र शिवनंदन यादव की थी।
जो बिशनपुर पंचायत के रतुल्लहपुर दियारा में खेती और पशुपालन करते थे। लेकिन दियारा क्षेत्र में बाढ़ आने के कारण वे अपने मवेशियों के साथ अपने गांव बेगमसराय में रह रहे थे।
पशुपालक के भाई हरिनंदन यादव ने बताया कि भैंस खूंटे से बंधी थी। इसी दौरान बिजली के खंभे से निकले अर्थिंग वायर के संपर्क में आने से उसे करंट लगा और मौके पर ही मौत हो गई।
इस घटना से पशुपालक पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि जीवन-यापन के लिए मवेशी ही एक जरिया था। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि यदि सावधानी नहीं बरती गई है, तो कल कोई इंसान या अन्य मवेशी भी इसका शिकार हो सकता है।
उन्होंने पीड़ित पशुपालक के लिए मुआवजे की मांग की है। जिससे पशुपालक पुनः फिर मवेशी खरीद कर अपना जीवन-यापन कर सके।
इस संबंध में आरओ रत्नेश्वर दास ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि स्थल निरीक्षण कर पीड़ित पशुपालक को सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।