अररिया पलासी में 5000 लीटर क्षमता वाले बल्क मिल्क कूलर का जिलाधिकारी ने किया उद्घाटन, 19 नवगठित दुग्ध समितियों को मिले दूध संग्रहण हेतु मिल्क कैन एवं जाँच सामग्री
कोसी डेयरी प्रोजेक्ट के अंतर्गत पलासी प्रखंड में 5000 लीटर दूध शीतलीकरण क्षमता वाले बल्क मिल्क कूलर का जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन द्वारा उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि दुग्ध उत्पादन से जुड़े किसानों की आय बढ़ाने तथा उन्हें दूध के उचित मूल्य का लाभ दिलाने में दुग्ध सहकारी समितियों और आधुनिक दुग्ध संग्रहण व्यवस्था की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी ने कहा कि पलासी में बल्क मिल्क कूलर की स्थापना से स्थानीय पशुपालक किसानों को दूध के संग्रहण एवं शीतलीकरण की बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक पशुपालकों को दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों से जोड़ा जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं डेयरी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि समितियों के माध्यम से नियमित रूप से दूध संग्रहण सुनिश्चित किया जाए तथा किसानों को दूध की गुणवत्ता एवं स्वच्छता के संबंध में भी जागरूक किया जाए।
बल्क मिल्क कूलर, पलासी के संचालन के प्रथम दिन 28 दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों द्वारा कुल 450 लीटर दूध उपलब्ध कराया गया। वहीं, इस अवसर पर जिले के नवनिर्मित 19 दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों को दूध संग्रहण हेतु मिल्क कैन एवं जाँच सामग्री से संबंधित अन्य आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए।
जिलाधिकारी ने पशुपालक किसानों से दुग्ध उत्पादन को आय के स्थायी एवं अतिरिक्त स्रोत के रूप में अपनाने तथा अधिक से अधिक किसानों को सहकारी व्यवस्था से जुड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम में जिला गव्य विकास पदाधिकारी अररिया, मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी कोसी डेयरी प्रोजेक्ट पूर्णिया, प्लांट प्रभारी सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक सहयोग समितियों से जुड़े पशुपालक किसान उपस्थित थे।
Araria, Araria | Sep 9, 2026